(लीड) पंजाब चुनाव से पहले भाजपा व शिरोमणि अकाली दल आए एकसाथ, चुनाव जीते तो अकाली दल का होगा मुख्यमंत्री
नई दिल्ली, 24 नवंबर (हि.स.)। पंजाब में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और शिरोमणि अकाली दल (शिअद) छह साल बाद फिर एकसाथ आ गए हैं। दोनों दल मिलकर राज्य की सभी 117 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेंगे और गठबंधन को बहुमत मिलने पर मुख्यमंत्री शिअद का होगा। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन और शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल की मौजूदगी में मंगलवार को इसका ऐलान किया। शाह ने यह भी कहा कि पंजाब को 31 दिसंबर 2029 तक पूरी तरह नशामुक्त बनाना गठबंधन का प्रमुख लक्ष्य होगा। राज्य से भ्रष्टाचार समाप्त करना और देश विरोधी ताकतों को उखाड़ फेंकना भी गठबंधन की प्राथमिकताओं में शामिल है।
अमित शाह ने भाजपा मुख्यालय में पत्रकार वार्ता में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के विस्तार को लेकर उनकी बातचीत हुई थी। इसके बाद प्रधानमंत्री ने शिअद के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल को फोन किया। उन्होंने कहा कि अब शिअद के राजग में शामिल होने से गठबंधन पूरा हो गया है। शाह ने कहा, ''जो बड़ा भाई होता है, वही मुख्यमंत्री होता है। भाजपा और शिरोमणि अकाली दल पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों पर मिलकर चुनाव लड़ेंगे।''
गृहमंत्री अमित शाह ने गुरु पर्व के अवसर पर शिरोमणि अकाली दल की राजग में वापसी का स्वागत करते हुए कहा कि यह गठबंधन केवल राजनीतिक समझौता नहीं, बल्कि आपसी विश्वास और पंजाब के गौरवशाली इतिहास से जुड़ा भावनात्मक रिश्ता है। भाजपा और अकाली दल ने पहले भी कई चुनाव साथ लड़े हैं। दोनों दलों ने जीत और हार का सामना किया, लेकिन उनके बीच संबंध हमेशा मजबूत रहे। गठबंधन का प्रमुख उद्देश्य पंजाब से नशे और भ्रष्टाचार का उन्मूलन करना तथा राज्य में राष्ट्रवादी ताकतों को मजबूत करना है।
उन्होंने पंजाब में नशे की समस्या को गंभीर बताते हुए कहा कि राज्य की मौजूदा सरकार ने तीन महीने में नशा खत्म करने का वादा किया था, लेकिन नशे का कारोबार समाप्त होने के बजाय बढ़ा है। उन्होंने कांग्रेस के पूर्व चुनावी वादों का भी जिक्र किया। शाह ने घोषणा की कि भाजपा और अकाली दल का संकल्प है कि 31 दिसंबर 2029 तक पंजाब को पूरी तरह नशामुक्त बनाया जाएगा। इसके साथ ही भ्रष्टाचार, ड्रग माफिया और गैंगस्टरों के आतंक को समाप्त करने के लिए ठोस प्रयास किए जाएंगे।
शाह ने कहा कि अगले तीन महीनों में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल किसानों की समस्याओं, युवाओं के रोजगार और पंजाब के आर्थिक विकास से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा करेंगे। इसके आधार पर साझा रोडमैप तैयार किया जाएगा, जिस पर राजग की आगामी सरकार काम करेगी। शाह ने कहा कि पंजाब की जनता ने राज्य में बदलाव का मन बना लिया है और गठबंधन पंजाब को फिर से खुशहाल बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर नितिन नवीन ने कहा कि भाजपा और शिरोमणि अकाली दल का गठबंधन पूरी तरह स्वाभाविक है। दोनों दलों के नेताओं, कार्यकर्ताओं और जनता के बीच लंबे समय से आपसी जुड़ाव रहा है। यह गठबंधन सत्ता हासिल करने के लिए नहीं, बल्कि पंजाब की सेवा करने और राज्य का विकास सुनिश्चित करने के संकल्प के साथ बना है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और पंजाब में डबल इंजन की सरकार राज्य के युवाओं, किसानों, व्यापारियों और मजदूरों की सुरक्षा, समृद्धि और विकास सुनिश्चित करेगी। पंजाब को नशामुक्त बनाना, युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना, महिलाओं की सुरक्षा और सुशासन स्थापित करना गठबंधन की प्राथमिकताएं होंगी।
उन्होंने गुरु साहिबान के संदेशों और महाराजा रणजीत सिंह के न्याय एवं सुशासन के आदर्शों का उल्लेख करते हुए कहा कि पंजाब को उसके गौरवशाली इतिहास और समृद्धि की पहचान दोबारा दिलाई जाएगी। उन्होंने हिंदू-सिख एकता को भी पंजाब की सामाजिक और ऐतिहासिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया।
शिअद अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने गठबंधन को भावनात्मक रिश्ता बताते हुए कहा कि भाजपा और अकाली दल का संबंध नख-मांस यानी नाखून और मांस की तरह अटूट है। वर्ष 1996 में उनके पिता प्रकाश सिंह बादल, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और लालकृष्ण आडवाणी ने परिवार जैसा रिश्ता बनाया था। आज वह रिश्ता एक बार फिर जुड़ रहा है।
बादल ने आरोप लगाया कि पिछले दस वर्षों के शासन में पंजाब नशे, गैंगस्टरवाद और अव्यवस्था की समस्याओं से घिर गया है। राज्य की जवानी, किसानी, व्यापारियों और मजदूरों को बचाने की जरूरत है। पंजाब में ऐसा माहौल बनाया जाना चाहिए, जहां आम नागरिक और व्यापारी बिना डर के अपना काम कर सकें।
उन्होंने कहा कि नशे और गैंगस्टरवाद का खात्मा कर कानून का राज स्थापित करना गठबंधन का मिशन होगा।
पंजाब सीमावर्ती राज्य है और देश की सुरक्षा में यहां के किसानों तथा जवानों का हमेशा महत्वपूर्ण योगदान रहा है। राज्य में अमन-शांति, आपसी भाईचारे और विकास का माहौल दोबारा कायम करना जरूरी है। सुखबीर बादल ने बताया कि आठ दिसंबर को उनके पिता एवं पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के जन्मदिन पर मोगा में एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस कार्यक्रम में शामिल होने की सहमति दी है।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2020 में केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों के विरोध में शिअद ने भाजपा के नेतृत्व वाले राजग से अपना नाता तोड़ लिया था। इसके बाद दोनों दलों के बीच राजनीतिक दूरियां बढ़ गई थीं। वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में शिअद 94 और भाजपा 23 सीटों पर चुनाव लड़ी थीं। वर्ष 2022 में दोनों दलों ने अलग-अलग चुनाव लड़ा था जिसमें शिअद को केवल तीन और भाजपा को दो सीटों पर जीत हासिल हुई थी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

