फर्जी निर्यात मामले में ईडी की बड़ी कार्रवाई, संजीव अरोड़ा से जुड़ी 157 करोड़ की संपत्तियां अटैच
चंडीगढ़, 09 मई (हि.स.)। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कथित विदेशी मुद्रा उल्लंघन और फर्जी निर्यात मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए हैंपटन स्काई रिएलटी लिमेटिड कंपनी तथा पंजाब के उद्योग मंत्री संजीव अरोड़ा से जुड़ी संस्थाओं के बैंक खातों और अचल संपत्तियों को अस्थायी रूप से अटैच कर दिया है। यह कार्रवाई 157.12 करोड़ रुपये के कथित फर्जी निर्यात से जुड़े मामले में की है।
जांच एजेंसी के अनुसार, यह अटैचमेंट आदेश विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (फेमा), 1999 की धारा 37(3) और आयकर अधिनियम की धारा 132(9) के तहत जारी किए गए हैं। आदेश के तहत संबंधित संपत्तियों और बैंक खातों को 180 दिनों के लिए फ्रीज किया गया है, ताकि राजस्व हितों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और आगे की जांच में मदद मिल सके।
जानकारी के मुताबिक, ईडी ने हाल ही में गुरुग्राम के उद्योग विहार स्थित हैम्पटन स्काई रिएलटी लिमिटेड के कार्यालय, कंपनी के प्रमुख शेयरधारकों के ठिकानों तथा संजीव अरोड़ा, काव्या अरोड़ा, हेमंत सूद और चंद्र शेखर से जुड़े परिसरों पर तलाशी और जब्ती अभियान चलाया था। इसी जांच के आधार पर अब संपत्तियों को अटैच किया गया है।
ईडी का आरोप है कि कंपनी ने अपने निदेशकों, कर्मचारियों और अन्य संबंधित व्यक्तियों के साथ मिलकर शेल कंपनियों का नेटवर्क तैयार किया और उसके माध्यम से फर्जी खरीद चालान बनाए। इन नकली दस्तावेजों के जरिए कथित तौर पर फर्जी बिक्री और निर्यात दिखाकर वित्तीय लेनदेन को वैध साबित करने की कोशिश की गई।
जांच एजेंसी के अनुसार, कुल 157.12 करोड़ रुपये के कथित निर्यात में से 102.50 करोड़ रुपये के लेनदेन केवल दो यूएई आधारित संस्थाओं के माध्यम से किए गए। ईडी को संदेह है कि इन लेनदेन का इस्तेमाल अवैध धन के प्रवाह और विदेशी मुद्रा नियमों के उल्लंघन के लिए किया गया।
ईडी मामले की विस्तृत जांच कर रही है और आने वाले दिनों में इस प्रकरण में और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

