home page

(लीड ) पंजाब के उद्योग मंत्री संजीव अरोड़ा से ईडी ने की 10 घंटे पूछताछ, गिरफ्तार

 | 
(लीड ) पंजाब के उद्योग मंत्री संजीव अरोड़ा से ईडी ने की 10 घंटे पूछताछ, गिरफ्तार


चंडीगढ़, 09 मई (हि.स.)। पंजाब के उद्योग मंत्री संजीव अरोड़ा से प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने करीब 10 घंटे तक पूछताछ के बाद चंडीगढ़ से गिरफ्तार कर लिया। ईडी की टीम ने यह कार्रवाई 157 करोड़ की फर्जी बिक्री तथा फर्जी शैल कंपनियों के माध्यम से पैसों की लेन-देन के आधार पर किया है। मंत्री की गिरफ्तारी के साथ ही पंजाब की राजनीति गरमा गई है। पंजाब के मुख्यमंत्री समेत तमाम मंत्री संजीव अरोड़ा के समर्थन में आ गए हैं। वहीं, विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) तथा अकाली दल ने आम आदमी पार्टी (आआपा) का विराेध किया है।

ईडी की टीमों ने पिछले 20 दिन में शनिवार को दूसरी बार छापा मारा। ईडी की टीमों ने आज सुबह कार्रवाई शुरू की। दोपहर करीब एक बजे चंडीगढ़ आवास पर पंजाब के ऊर्जा एवं उद्योग मंत्री संजीव अरोड़ा को हिरासत में ले लिया गया। इसके बाद ईडी ने कागजी कार्रवाई पूरी की।

बताया जाता है कि ईडी की टीमों ने अरोड़ा के आवास से लैपटॉप तथा कंपनियों के दस्तावेज भी अपने कब्जे में लिए। इसके बाद करीब पांच बजे ईडी की टीमों ने संजीव अरोड़ा को आधिकारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद ईडी उन्हें दिल्ली ले गई जहां आगे की पूछताछ होगी।

ईडी सूत्रों के अनुसार, संजीव अरोड़ा ने अपनी फर्मों के जरिए मोबाइल खरीद की करीब 157.12 करोड़ रुपए की फर्जी बिक्री और शेल कंपनियों के माध्यम से फर्जी एक्सपोर्ट किए। इसके अलावा, दुबई से भारत में अवैध रकम की राउंड-ट्रिपिंग के लिए इन सामानों के एक्सपोर्ट का इस्तेमाल किया। फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट और एक्सपोर्ट पर जीएसटी रिफंड तथा ड्यूटी ड्रॉबैक लेने के लिए दिल्ली की गैर-मौजूद फर्मों से कई फर्जी जीएसटी खरीद बिल हासिल किए गए। इससे सरकारी खजाने को नुकसान पहुंचा और व्यक्तिगत लाभ कमाया गया।

प्रवर्तन निदेशालय ने हैंपटन स्काई रिएलटी लिमिटेड कंपनी और पंजाब के उद्योग मंत्री संजीव अरोड़ा से जुड़ी संस्थाओं के बैंक खातों तथा अचल संपत्तियों को अस्थाई रूप से अटैच कर दिया गया है।

इस बीच पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने संजीव अरोड़ा का बचाव करते हुए कहा कि पार्टी पूरी तरह से उनके साथ खड़ी है। यह केवल उन्हें भाजपा में शामिल करवाने के लिए किया गया है। ईडी व भाजपा के गठबंधन का अंत बहुत जल्द पंजाब में होगा। उन्होंने कहा कि एलपीयू के मालिक अशोक मित्तल के प्रतिष्ठानों पर अब ईडी की कार्रवाई बंद क्यों हो गई है।

वहीं, आप से भाजपा में आए राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने कहा कि पंजाब को रंगला बनाने का सपना दिखाकर आप ने कंगला बनाने का काम किया है। लोगों ने पंजाब को चलाने का मेंडेट दिया था, लूटने का नहीं। हमने पहले ही कहा था कि यह भ्रष्ट लोगों की पार्टी बन गई है। तब हमें चुप करा दिया। अगर ईमानदारी का पैसा होता तो कोई 21 लाख रुपए बिल्डिंग से नहीं फेंकता। इस बीच आआपा सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने कहा कि भाजपा पंजाब में पार्टी को तोड़ना चाहती है लेकिन पार्टी पूरी तरह से एकजुट है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा