home page

पुदुचेरी चुनाव : तमिलगा वेत्री कषगम का नेयम मक्कल काची से गठबंधन, सहयोगी दल को दो सीटें

 | 

पुदुचेरी, 23 मार्च (हि.स.)। पुदुचेरी में होने वाले विधानसभा चुनाव की सरगर्मी के बीच तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) ने नेयम मक्कल काची (एनएमके) के साथ गठबंधन कर राज्य की राजनीति में नया मोड़ ला दिया है।

पुदुचेरी में 9 अप्रैल 2026 को मतदान प्रस्तावित है और नामांकन प्रक्रिया अपने अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। सोमवार को नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि होने के कारण सभी राजनीतिक दल तेजी से गठबंधन और उम्मीदवार चयन की प्रक्रिया पूरी करने में जुटे हैं।

इसी बीच नेयम मक्कल काची के नेता और उरुलैयनपेट विधानसभा क्षेत्र के निर्दलीय विधायक नेरू उर्फ कुप्पुसामी ने टीवीके की विचारधारा का समर्थन करते हुए गठबंधन का प्रस्ताव रखा। इस पर आगे बढ़ते हुए उन्होंने टीवीके के महासचिव एन. आनंद से मुलाकात की, जिसके बाद दोनों दलों के बीच सहमति बन गई।

पार्टी की ओर से जारी बयान के अनुसार, तमिलगा वेत्री कषगम पहले ही 30 सीटों पर अपने उम्मीदवार घोषित कर चुकी है। अब गठबंधन के तहत इन सीटों में से उरुलैयनपेट और तट्टांचावडी विधानसभा सीटें नेयम मक्कल काची को दी गई हैं।

टीवीके ने यह भी स्पष्ट किया कि इन दोनों सीटों पर पहले घोषित उम्मीदवार उरुलैयनपेट से मारिया फ्रांसिस और तट्टांचावडी से पन्नीरसेल्वम अब चुनाव नहीं लड़ेंगे। उनकी जगह गठबंधन सहयोगी पार्टी के उम्मीदवार मैदान में उतरेंगे।----------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV