राष्ट्रपति 22 और 23 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ दौरे पर आएंगी
रायपुर, 12 अक्टूबर (हि.स.)। भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 22 एवं 23 अक्टूबर 2026 को छत्तीसगढ़ के प्रवास पर आ रही हैं। इस हाई-प्रोफाइल दौरे को भव्य, सुचारु और सुरक्षित बनाने के लिए राज्य प्रशासनिक तंत्र ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं।
राष्ट्रपति मुर्मू 22 अक्टूबर को राजधानी रायपुर पहुंचेंगी। यहां वे रायपुर के बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित एक भव्य राजकीय एवं सार्वजनिक कार्यक्रम में शिरकत करेंगी। इसके बाद वे स्थानीय जनप्रतिनिधियों और विभिन्न समुदायों से भेंट कर सकती हैं। 23 अक्टूबर को राष्ट्रपति बस्तर (जगदलपुर) के लिए प्रस्थान करेंगी। वहां वे विश्व प्रसिद्ध ऐतिहासिक बस्तर दशहरा के सबसे महत्वपूर्ण और अंतिम बड़े अनुष्ठान 'मुरिया दरबार' में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। बस्तर की जनजातीय संस्कृति, परंपरा और लोक-कलाओं को समझने के लिहाज से उनका यह प्रवास बेहद ऐतिहासिक माना जा रहा है।
राष्ट्रपति प्रवास की तैयारियों के संबंध में आज राजधानी रायपुर स्थित लोकभवन में एक महत्वपूर्ण और उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना की अध्यक्षता में हुई। इसका उद्देश्य राष्ट्रपति के प्रवास के दौरान लोकभवन में की जाने वाली तमाम व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा करना और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना था।
बैठक के दौरान डॉ. सी.आर. प्रसन्ना ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रवास के दौरान लोकभवन में बिजली और हाई-स्पीड इंटरनेट की निर्बाध उपलब्धता हर हाल में सुनिश्चित की जाए। किसी भी प्रकार की तकनीकी खराबी या व्यवधान से बचने के लिए बैकअप इंतजाम रखने के निर्देश दिए गए।
राष्ट्रपति के वीवीआईपी प्रोटोकॉल को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। इसमें आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं, एम्बुलेंस और विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम तैनात रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही, सुरक्षा प्रबंधों को सख्त करने और प्रोटोकॉल के तहत उपयोग में आने वाले वाहनों की समय पर सुचारु व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि प्रवास के दौरान किसी भी स्तर पर कोई त्रुटि न हो।
लोकभवन में आयोजित इस समीक्षा बैठक में राज्य प्रशासन, पुलिस और स्थानीय निकायों के कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। इनमें जनसंपर्क विभाग के संचालक आशीष कुमार टिकरिहा, रायपुर के पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला सहित जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, नगर निगम रायपुर तथा सामान्य प्रशासन विभाग के प्रतिनिधि उपस्थित थे। सभी अधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारियों को समय रहते पूरा करने का निर्देश दिया गया है।
_________________
हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा

