home page

वियतनाम के राष्ट्रपति दिल्ली पहुंचे, कल प्रधानमंत्री के साथ द्विपक्षीय वार्ता

 | 
वियतनाम के राष्ट्रपति दिल्ली पहुंचे, कल प्रधानमंत्री के साथ द्विपक्षीय वार्ता


नई दिल्ली, 05 मई (हि.स.)। वियतनाम के राष्ट्रपति तो लाम भारत की अपनी पहली राजकीय यात्रा पर मंगलवार शाम नई दिल्ली पहुंचे। एयरपोर्ट पर गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने उनका स्वागत किया। भारत-वियतनाम इस वर्ष व्यापक रणनीतिक साझेदारी के 10 वर्ष पूरे होने का जश्न मना रहे हैं।

वियतनाम के राष्ट्रपति की भारत यात्रा आज बिहार के बोधगया से हुई। यहां बिहार के राज्यपाल ले.ज. सैयद अता हसनैन (सेवानिवृत्त) और बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने उनका स्वागत किया। राष्ट्रपति लाम ने बोधगया के महाबोधि मंदिर में प्रार्थना की।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता के मुताबिक हजारों वर्षों पुरानी आध्यात्मिक विरासत, बौद्ध धर्म, भारत और वियतनाम के लोगों को जोड़ने वाले एक जीवंत सेतु के रूप में कार्य करते हैं। यह यात्रा हमारे बहुआयामी और सुदृढ़ द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करेगी।

प्रधानमंत्री मोदी के निमंत्रण पर वियतनाम कम्युनिस्ट पार्टी की केंद्रीय समिति के महासचिव एवं वियतनाम के राष्ट्रपति लाम 5 से 7 मई तक भारत की राजकीय यात्रा पर रहेंगे। उनके साथ वियतनाम सरकार के मंत्री और वरिष्ठ अधिकारियों का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी आया है।

राष्ट्रपति लाम का बुधवार को राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में औपचारिक स्वागत किया जाएगा। प्रधानमंत्री मोदी राष्ट्रपति लाम के साथ द्विपक्षीय संबंधों के विभिन्न पहलुओं के साथ-साथ पारस्परिक हित के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर व्यापक चर्चा करेंगे। राष्ट्रपति लाम अपनी भारत यात्रा के दौरान मुंबई का भी दौरा करेंगे।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा