home page

न्यायिक स्वतंत्रता और जवाबदेही का समन्वय न्यायपालिका को देता है शक्ति: राष्ट्रपति

 | 
न्यायिक स्वतंत्रता और जवाबदेही का समन्वय न्यायपालिका को देता है शक्ति: राष्ट्रपति


नई दिल्ली, 26 नवंबर (हि.स.)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने गुरुवार को कहा कि न्यायिक स्वतंत्रता और न्यायिक जवाबदेही का समन्वय न्यायपालिका की भूमिका को शक्ति प्रदान करता है। उन्होंने न्यायपालिका से भारतीयता की भावना को अपनी कार्य-संस्कृति में समाहित करने और गुलामी की मानसिकता से मुक्त होने के राष्ट्रीय लक्ष्य को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। राष्ट्रपति ने कहा कि न्यायपालिका और नागरिकों के बीच की दूरी कम करने के हर प्रयास से न्याय-व्यवस्था के प्रति लोगों की आस्था और गहरी होती है।

संविधान दिवस के अवसर पर उच्चतम न्यायालय में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुर्मु ने कहा कि 26 नवंबर 1949 को भारत के लोगों ने अपने संविधान को अंगीकृत किया था। वर्ष 2015 में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर की 125वीं जयंती के अवसर पर इस दिन को प्रतिवर्ष संविधान दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया। यह संविधान के महान शिल्पकार और उसमें निहित आदर्शों को श्रद्धापूर्वक याद करने का अवसर है।

उन्होंने कहा कि भारत की कार्यपालिका, विधायिका और न्यायपालिका ने संविधान की प्रतिष्ठा बढ़ाने के साथ लोकतंत्र का मान भी बढ़ाया है। 26 जनवरी 1950 को देश गणराज्य बना और इसके दो दिन बाद 28 जनवरी को उच्चतम न्यायालय का शुभारंभ हुआ। गणराज्य की गौरवशाली यात्रा में उच्चतम न्यायालय, उच्च न्यायालयों, जिला अदालतों और निचली अदालतों ने अमूल्य योगदान दिया है।

राष्ट्रपति ने कहा कि पिछले सात-आठ दशकों में जीवन के अनेक क्षेत्रों में व्यापक बदलाव आए हैं। प्रौद्योगिकी और मीडिया का प्रभाव लगातार बढ़ रहा है, लेकिन बदलती परिस्थितियों के अनुरूप भूमिका निभाते हुए न्यायपालिका ने न्याय के मूल आदर्शों को मजबूत बनाए रखा है। समय-समय पर न्यायपालिका ने स्वयं न्यायिक जवाबदेही पर जोर देकर संविधान निर्माताओं के आदर्शों को आगे बढ़ाया है।

उन्होंने कहा कि भारतीयता हमारे संस्थानों की कार्य-संस्कृति के सभी आयामों में दिखाई देनी चाहिए। पिछले कुछ वर्षों में अपनी विरासत पर गर्व करने और गुलामी की मानसिकता से मुक्त होने के प्रयासों को गति मिली है। संस्थानों, मार्गों, कार्यालयों और स्थलों के नामकरण में भारतीय परंपरा के आदर्श दिखाई दे रहे हैं। दंड के बजाय न्याय पर आधारित विचारधारा के अनुरूप लागू भारतीय न्याय संहिता को न्यायपालिका द्वारा त्वरित न्याय के माध्यम के रूप में मजबूत किया जा रहा है।

मुर्मु ने कहा कि राष्ट्रपति को संबोधित करने के लिए अब 'एक्सीलेंसी' शब्द का इस्तेमाल नहीं किया जाता। इसी तरह राष्ट्रपति भवन के 'दरबार हॉल' का नाम बदलकर 'गणतंत्र मंडप' किया गया है। लोग इस नाम को सहजता से अपनाते हैं, क्योंकि यह लोकतंत्र और संवैधानिक गणराज्य से जुड़ा है। न्यायपालिका भी उपनिवेशवादी मानसिकता से मुक्ति के राष्ट्रीय लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में कदम उठाकर संवैधानिक आदर्शों को मजबूती दे सकती है।

राष्ट्रपति ने भारतीय भाषाओं में संविधान की उपलब्धता को प्रसन्नता का विषय बताते हुए कहा कि पिछले वर्ष 25 दिसंबर को उन्हें ओल चिकी लिपि में संविधान के संताली संस्करण का लोकार्पण करने का अवसर मिला था। उन्होंने कहा कि संविधान का भारतीय भाषाओं में उपलब्ध होना उसे जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। ओडिशा के रायरंगपुर में अधिसूचित क्षेत्र परिषद की पार्षद और उपाध्यक्ष से लेकर राष्ट्रपति पद तक की उनकी यात्रा संविधान द्वारा दिए गए अवसर की समानता के अधिकार का प्रमाण है।

मुर्मु ने कहा कि समय पर न्याय मिलना न्याय की अवधारणा का अनिवार्य हिस्सा है। न्यायपालिका पद्धतियों को सरल बनाने, प्रौद्योगिकी का उपयोग करने और विशेष अदालतों का गठन करने जैसे कई कदम उठा रही है। इसके बावजूद लंबित मुकदमों की बड़ी संख्या न्याय प्रदान करने की व्यवस्था के सामने गंभीर चुनौती बनी हुई है। उन्होंने विश्वास जताया कि न्यायपालिका के सभी स्तरों पर किए जा रहे प्रयासों से इस चुनौती का समाधान किया जा सकेगा।

उन्होंने कहा कि सभी नागरिकों के पास उच्च न्यायालयों और उच्चतम न्यायालय तक पहुंचने के संसाधन नहीं होते। नि:शुल्क कानूनी सहायता के माध्यम से आर्थिक या अन्य किसी विवशता के कारण किसी भी नागरिक को न्याय पाने के अवसर से वंचित नहीं रहने देना संविधान का निर्देश है। गरीब और वंचित वर्गों को उपलब्ध कराई जाने वाली कानूनी सहायता की गुणवत्ता और विश्वसनीयता पर भी ध्यान देना जरूरी है। जिला, राज्य और राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरणों को इस दिशा में और प्रयास करने चाहिए।

राष्ट्रपति ने बताया कि कुछ जिलों में बड़ी संख्या में आपराधिक मामले लंबित हैं। इन जिलों में समस्या के समाधान के लिए केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालयों का सहयोग लेने की पहल की है। विश्वविद्यालयों के विद्यार्थियों, शोधकर्ताओं और नि:शुल्क कानूनी सेवा से जुड़े समूहों को इस प्रयास में शामिल किया जा रहा है। इससे विद्यार्थियों में संवेदनशीलता बढ़ेगी और उन्हें जमीनी स्तर की कानूनी प्रक्रियाओं को समझने का अवसर मिलेगा।

राष्ट्रपति ने कहा कि संविधान की आत्मा न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के चार आदर्शों में समाहित है। किसी संस्था या व्यक्ति द्वारा इन आदर्शों का पालन करना ही संविधान की भावना का अनुसरण करना है। न्यायपालिका और वकालत के क्षेत्र में महिलाओं की अधिक सक्रिय भागीदारी से समाज को अधिक निष्पक्ष, न्यायपूर्ण, समान और समावेशी बनाने में मदद मिलेगी।

उन्होंने मानवाधिकारों की सार्वभौमिक घोषणा का उल्लेख करते हुए कहा कि संविधान सभा की सदस्य और संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार आयोग की प्रतिनिधि हंसा मेहता ने इसके पहले अनुच्छेद के प्रारूप में महत्वपूर्ण बदलाव कराया था। प्रारूप में 'सभी पुरुष स्वतंत्र और समान पैदा होते हैं' लिखा था, जिसे बदलकर 'सभी मनुष्य स्वतंत्र और समान पैदा होते हैं' किया गया। राष्ट्रपति ने कहा कि यह केवल एक शब्द बदलने का मामला नहीं था, बल्कि मानवाधिकारों के प्रति दुनिया के दृष्टिकोण में बदलाव था। उन्होंने कहा कि न्यायिक निर्णयों में महिलाओं का दृष्टिकोण समावेशिता, विविधता और संतुलन ला सकता है। न्यायाधीशों और वकीलों के रूप में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाई जानी चाहिए।

मुर्मु ने उच्चतम न्यायालय द्वारा दिव्यांग व्यक्तियों, तेजाब हमले के पीड़ितों, 80 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों और गरीबी रेखा से नीचे रहने वाले लोगों से जुड़े मामलों को प्राथमिकता देने के कदमों की सराहना की। उन्होंने बेहतर मुकदमा प्रबंधन, मामलों की सुनवाई के लिए सूचीबद्ध करने की प्रक्रिया में सुधार, डिजिटल बदलाव और विवादों के सौहार्दपूर्ण समाधान को प्रोत्साहित करने के प्रयासों की भी प्रशंसा की।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार