विद्यार्थी रोजगार सृजनकर्ता बनें, ज्ञान से अवसर पैदा करें : राष्ट्रपति
नई दिल्ली, 12 नवंबर (हि.स.)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने गुरुवार को कहा कि विद्यार्थियों का लक्ष्य अपने ज्ञान के माध्यम से रोजगार के अवसर सृजित करने का भी होना चाहिए। इससे देश के समावेशी विकास को और गति मिलेगी। उन्होंने विद्यार्थियों से ऊंचे लक्ष्य रखने और लगन, अनुशासन तथा आत्मविश्वास के साथ अपने सपनों को पूरा करने का प्रयास करने का आग्रह किया।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज राष्ट्रपति भवन में एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों के मेधावी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा, “शिक्षा केवल आजीविका कमाने का साधन नहीं होना चाहिए बल्कि, विद्यार्थियों का लक्ष्य अपने ज्ञान के माध्यम से रोजगार के अवसर सृजित करने का भी होना चाहिए। जब हमारे युवा रोजगार सृजनकर्ता बनेंगे, तब देश के समावेशी विकास को और गति मिलेगी। विद्यार्थी समसामयिक घटनाओं और देश-दुनिया में हो रहे बदलावों के बारे में अवगत रहें। इससे उन्हें तार्किक सोच और विश्लेषणात्मक कौशल विकसित करने में मदद मिलेगी। जब भी विद्यार्थी अपने गांव जाएं, अपने परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों और पड़ोसियों के साथ समसामयिक घटनाओं और सरकार द्वारा चलाई जा रही जन-कल्याणकारी योजनाओं के बारे में की जानकारी साझा करें। उनके इस प्रयास से परिवार और समाज लाभान्वित होगा तथा उनकी शिक्षा की सार्थकता बढ़ेगी।
राष्ट्रपति ने कहा कि हमारा देश वर्ष 2047 तक 'विकसित भारत' के लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। देश के हर क्षेत्र और समाज के हर वर्ग का विकास आवश्यक है। एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय न केवल जनजातीय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर रहे हैं, बल्कि उन्हें अपनी बहुमुखी प्रतिभा को निखारने के अवसर भी प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारे देश में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। विद्यार्थियों को केवल उचित अवसरों, अनुकूल वातावरण और सही मार्गदर्शन की आवश्यकता है।
यह संवाद कार्यक्रम जनजातीय कार्य मंत्रालय द्वारा 'जनजातीय गौरव पखवाड़ा' के अंतर्गत आयोजित किया गया था। यह पखवाड़ा प्रत्येक वर्ष भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष में मनाया जाता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

