home page

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु सोमवार को निफ्ट के संयुक्त दीक्षांत समारोह में होंगी शामिल

 | 
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु सोमवार को निफ्ट के संयुक्त दीक्षांत समारोह में होंगी शामिल


नई दिल्ली, 30 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु सोमवार को दिल्ली स्थित राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान (निफ्ट) के संयुक्त दीक्षांत समारोह 2026 में शामिल होंगी। इस मौके पर सर्वोच्च संचयी ग्रेड प्वाइंट औसत (सीजीपीए) प्राप्त करने वाले उत्कृष्ट छात्रों को स्वर्ण पदक से सम्मानित किया जाएगा।

केन्द्रीय कपड़ा मंत्रालय के अनुसार इस समारोह में शैक्षणिक उत्कृष्टता रचनात्मकता समर्पण और उपलब्धियां प्राप्त करने वाले स्नातक छात्रों को सम्मानित किया जाएगा। संयुक्त दीक्षांत समारोह के बाद परिसरवार डिग्री वितरण समारोह आयोजित किए जाएंगे, जहां स्नातक छात्र औपचारिक रूप से अपनी डिग्री प्राप्त करेंगे।

संयुक्त दीक्षांत समारोह 2026 ऐसे विद्यार्थियों की पीढ़ी के उत्सव का अवसर होगा, जिन्होंने विचारों को संभावनाओं और सृजनात्मकता को प्रभाव में बदलना सीखा है। संस्थान से आगे बढ़ते हुए ये उत्तीर्ण विद्यार्थी अपने साथ नए आख्यान गढ़ने, सार्थक समाधान सृजित करने और भारत के निरंतर विकसित हो रहे सृजनात्मक परिदृश्य में योगदान देने का आत्मविश्वास लेकर जाएंगे।

इस मौके पर केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह, विशिष्ट गणमान्य व्यक्ति, शासी मंडल के सदस्य, वरिष्ठ अधिकारी, संकाय सदस्य, विद्वान और देश भर के 18 निफ्ट परिसर के स्नातक छात्र मौजूद रहेंगे।

उल्लेखनीय है कि वस्त्र मंत्रालय के अंतर्गत 1986 में स्थापित एनआईएफटी अधिनियम, 2006 द्वारा शासित एक वैधानिक संस्थान है। वर्षों से, यह संस्थान फैशन शिक्षा के लिए एक अग्रणी संस्थान के रूप में उभरा है, जो पारंपरिक कला और शिल्प, अकादमिक ज्ञान, डिजाइन नवाचार, प्रौद्योगिकी, रचनात्मक सोच और उद्योग के साथ जुड़ाव को एक साथ लाता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी