केंद्र सरकार ‘सशक्त देखभाल पारिस्थितिकी तंत्र’ पर करेगी वेबिनार, 1.5 लाख केयरगिवर को प्रशिक्षित करने का लक्ष्य
नई दिल्ली, 08 मार्च (हि.स.)। केंद्र सरकार वेबिनार श्रृंखला के तहत ‘सशक्त देखभाल पारिस्थितिकी तंत्र : 1.5 लाख बहु-कौशल केयरगिवर का प्रशिक्षण’ विषय पर विशेष ब्रेकआउट सत्र आयोजित करेगी। यह वेबिनार ‘सबका साथ सबका विकास- लोगों की आकांक्षाओं की पूर्ति’ विषय पर होगा।
केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय ने बताया की वह इस वेबिनार को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय समन्वित करेगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 9 मार्च को बजट के बाद वेबिनार 2026-27 को संबोधित करेंगे।
केंद्रीय बजट 2026-27 के पैरा 54 में मजबूत केयर पारिस्थितिकी तंत्र के निर्माण पर जोर दिया गया है। इसके तहत वृद्धजन और संबद्ध देखभाल सेवाओं का विस्तार किया जाएगा। साथ ही राष्ट्रीय कौशल योग्यता ढांचा के अनुरूप प्रशिक्षण कार्यक्रम विकसित किए जाएंगे। इनमें देखभाल कौशल के साथ वेलनेस, योग तथा चिकित्सा और सहायक उपकरणों के संचालन जैसे कौशल भी शामिल होंगे। आने वाले वर्ष में 1.5 लाख केयरगिवर को प्रशिक्षित करने का लक्ष्य रखा गया है।
वेबिनार के दौरान देखभाल क्षेत्र के लिए सक्षम कार्यबल विकसित करने पर चर्चा होगी। इसका उद्देश्य देश में बढ़ती घरेलू जरूरतों को पूरा करने के साथ वैश्विक देखभाल अर्थव्यवस्था में अवसरों का लाभ उठाना भी है।
मंत्रालय ने कहा कि देश की कौशल व्यवस्था को मजबूत करने के लिए राष्ट्रीय व्यावसायिक शिक्षा एवं प्रशिक्षण परिषद, सेक्टर स्किल काउंसिल, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान और राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थान जैसी संस्थाएं कार्य कर रही हैं। इसके साथ प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना, प्रधानमंत्री राष्ट्रीय अप्रेंटिसशिप प्रोत्साहन योजना और जन शिक्षण संस्थान जैसी योजनाओं के माध्यम से भी प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
अब तक जेरियाट्रिक केयरगिवर, होम हेल्थ एड और जनरल ड्यूटी असिस्टेंट जैसे क्षेत्रों में हजारों युवाओं को प्रशिक्षित किया जा चुका है। यह संगठित देखभाल कार्यबल के निर्माण की आधारशिला है।
ब्रेकआउट सत्र में स्वास्थ्य संस्थानों, राज्य सरकारों, अंतरराष्ट्रीय संगठनों और शिक्षाविदों के विशेषज्ञ भाग लेंगे। इसमें केयरगिवर योग्यता के मानकीकरण, प्रशिक्षकों की क्षमता बढ़ाने, प्रशिक्षण ढांचे के विस्तार और देखभाल क्षेत्र में अप्रेंटिसशिप अवसरों को बढ़ाने जैसे विषयों पर चर्चा होगी।
वेबिनार के समापन सत्र में चर्चा से प्राप्त सुझाव प्रस्तुत किए जाएंगे। केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा शिक्षा राज्य मंत्री जयंत चौधरी समापन संबोधन देंगे और देखभाल अर्थव्यवस्था की जरूरतों को पूरा करने के लिए कौशल व्यवस्था को मजबूत करने के उपायों पर अपनी बात रखेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

