home page

सपा के पीडीए का मतलब 'पराया धन अपना', 2027 में करेंगे नाकामयाब: विनोद तावड़े

 | 
सपा के पीडीए का मतलब 'पराया धन अपना', 2027 में करेंगे नाकामयाब: विनोद तावड़े


सपा के पीडीए का मतलब 'पराया धन अपना', 2027 में करेंगे नाकामयाब: विनोद तावड़े


लखनऊ, 05 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े शनिवार को लखनऊ पहुंचे। यहां भाजपा प्रदेश कार्यालय में मीडिया से बात करते हुए तावड़े ने समाजवादी पार्टी (सपा) के पीडीए नारे की नई परिभाषा बताई। तावड़े ने कहा कि सपा के पीडीए का मतलब 'पराया धन अपना'।

विनोद तावड़े ने कहा कि सपा के पीडीए को 2027 में हम नाकामयाब करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक दल भाजपा है। पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन के निर्देश पर उत्तर प्रदेश में गृहमंत्री अमित शाह, उत्तर प्रदेश के विकास की रफ्तार बढ़ाने वाले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केन्द्रीय वित्त राज्य मंत्री व प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के दिशा-निर्देशन में आने वाला विधानसभा चुनाव एनडीए के कार्यकर्ता ताकत के साथ लड़कर जीतेंगे और अगले पांच साल उत्तर प्रदेश की जनता की सेवा में अपने आप को समर्पित करेंगे। इसके लिए हम सब लोग वचनबद्ध हैं।

प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े के लखनऊ पहुंचने पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह, प्रदेश महामंत्री संजय राय व प्रदेश मुख्यालय प्रभारी गोविन्द नारायण शुक्ला समेत पार्टी के नेताओं ने चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर स्वागत किया। इसके बाद वह विधानसभा मार्ग स्थित भाजपा के प्रदेश मुख्यालय पहुंचे। वहां पर पहले से मौजूद पार्टी नेताओं ने उनका स्वागत किया। विनोद तावड़े प्रदेश प्रभारी बनने के बाद पहली बार लखनऊ आए हैं।

वहीं भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय मंत्री व भाजपा उत्तर प्रदेश के सह प्रभारी जगदीश पटेल शुक्रवार से ही लखनऊ में हैं। दोनों नेताओं के लखनऊ आगमन को विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार दोनों नेता पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर आगामी अभियान की तैयारियों की समीक्षा करेंगे। शनिवार को विनोद तावड़े ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी व प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह के साथ बैठक की। रविवार को विनोद तावड़े प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी भेंट कर संगठनात्मक चर्चा करेंगे।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन