उप्र में 2027 में तीसरी बार प्रचंड बहुमत से बनेगी भाजपा की सरकार: नितिन नवीन
लखनऊ, 04 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में प्रदेश पदाधिकारियों एवं जिलाध्यक्षों के साथ बैठक की। बैठक में पार्टी पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए नितिन नवीन ने दावा किया कि वर्ष 2027 में लगातार तीसरी बार प्रचंड बहुमत से उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी।
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन शनिवार को दो दिवसीए दौरे पर लखनऊ पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने विकास कार्यों का कीर्तिमान बनाया है। मोदी-योगी की जोड़ी ने उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाया है। भाजपा अध्यक्ष ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि दोनों के पास कोई मुद्दा नहीं, इसलिए वे जनता का ध्यान भटकाने के लिए नकारात्मक राजनीति कर रहे हैं। हमें विपक्ष के झांसे में नहीं आना है। हमें उप्र के विकास के लिए काम करना है। किसी के दिल में अगर जगह बनानी है, तो उस तक पहुंचना पड़ेगा।
नितिन नवीन ने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि आपको हर गांव में प्रवास करना है। हर घर, हर व्यक्ति तक पहुंचना है। आपको हर मतदाता तक डबल इंजन सरकार की योजनाओं एवं पार्टी के कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से पहुंचाना होगा। हमारे लिए राजनीति भोग नहीं त्याग है और हमारे लिए राजनीति ऐशो-आराम नहीं तपस्या है।
बैठक में राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बीएल संतोष, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी भी उपस्थित थे।
इससे पहले चौधरी चरण सिंह अन्तरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी, दोनों उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने भाजपा अध्यक्ष का स्वागत किया। एयरपोर्ट से निकलने के बाद प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के साथ राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने रथ पर सवार होकर रोड शो निकाला। एयरपोर्ट से लेकर भाजपा प्रदेश मुख्यालय तक रास्ते में जगह-जगह भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। आलमबाग, चारबाग, दीनदयाल उपाध्याय स्मृतिका, महाराणा प्रताप चौराहा और अशोक सिंहल चौराहा होते हुए रोड शो भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचा।
हनुमान सेतु मंदिर में किया दर्शन
नितिन नवीन ने पार्टी पदाधिकारियों के साथ हनुमान सेतु मंदिर पहुंचकर दर्शन पूजन किया। इसके बाद लखनऊ की प्रख्यात शर्मा चाय प्रतिष्ठान पहुंचकर पार्टी पदाधिकारियों के साथ चाय पी और बंद मक्खन खाया।
वहीं उन्होंने पार्टी के सांसदों और विधायकों के साथ होटल ताज में एक बैठक भी की। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश देश का नेतृत्व करने वाला राज्य बनकर उभर रहा है। हमें वर्ष 2047 तक प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 'विकसित भारत' के विजन को साकार करेंगे।
-----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

