जिन्होंने सिर्फ अपना परिवार देखा, वे यूपी के युवाओं की चिंता नहीं कर सकते: नितिन नवीन
मेरठ, 21 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को विपक्षी दलों समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि जो लोग आज पिछड़ों और दलितों की बात करते हैं, उन्होंने सत्ता में रहते हुए अपने परिवार के अलावा किसी और के बारे में नहीं सोचा।
उत्तर प्रदेश के मेरठ स्थित स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय में आयोजित 'शक्ति केंद्र सम्मेलन' को संबोधित करते नितिन नवीन ने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में कुछ लोग 'नल की टोटी' चुरा लेते थे और आज वही लोग युवाओं के भविष्य को सुंदर करने का सपना दिखा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिन्होंने सिर्फ अपने परिवार का भविष्य देखा, वे उत्तर प्रदेश के युवाओं की चिंता नहीं कर सकते। युवाओं की चिंता सिर्फ भाजपा सरकार कर रही है, जिसके तहत लाखों नौकरियां पारदर्शी तरीके से दी गई हैं।
उन्होंने कहा कि आज हम संत रविदास की 650वीं वर्षगांठ मना रहे हैं, जबकि कांग्रेस के लोग सिर्फ अपने परिवार के लोगों का ही जन्मदिवस मनाते थे। उन्होंने कहा कि जो राजनीतिक खेल आज फिर से खेलने का प्रयास किया जा रहा है, हमें उसे खत्म करना है और उत्तर प्रदेश के विकास रथ को रुकने नहीं देना है।
भाजपा अध्यक्ष ने पूर्ववर्ती सरकारों पर उत्तर प्रदेश को अराजकता में धकेलने का आरोप लगाते हुए कहा कि एक समय था जब राज्य में बेटियां सुरक्षित नहीं थीं, किसानों को समय पर भुगतान नहीं मिलता था, व्यापारी भय के साए में जीने को मजबूर था और सरकारी योजनाएं धर्म व समाज देखकर बांटी जाती थीं।
नितिन नवीन ने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में योजनाएं गरीब को देखकर बनाई जाती हैं, धर्म और समाज देखकर नहीं। भाजपा कार्यकर्ताओं ने कड़ी मेहनत कर उत्तर प्रदेश को उस जंगलराज और परिवारवादी राज से बाहर निकाला है और इसे 'उत्तम प्रदेश' बनाने का मिशन पूरा किया है।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश में कांवड़ यात्रा और रामनवमी को रोकने का प्रयास होता था। पश्चिम बंगाल में भी दुर्गा पूजा रोकने की कोशिश की गई, लेकिन दोनों राज्यों की जनता ने ऐसे लोगों को करारा सबक सिखाया है। एक समय एक जिले से दूसरे जिले जाने में लंबा वक्त लगता था, लेकिन आज नए-नए एक्सप्रेस-वे उत्तर प्रदेश की नई पहचान बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि राज्य को फिर से उस दौर में नहीं जाने दिया जाएगा, जहां भय का वातावरण था। आज प्रदेश में अराजकता खत्म हो चुकी है और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पूरी तरह 'कानून का राज' स्थापित है।
--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

