home page

एक लाख नौकरी वाले ऐलान पर मायावती ने उठाए सवाल, बोलीं- चुनावी छलावा न बने

 | 
एक लाख नौकरी वाले ऐलान पर मायावती ने उठाए सवाल, बोलीं- चुनावी छलावा न बने


लखनऊ, 26 अगस्त (हि.स.)। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने प्रदेश सरकार की ओर से अगले छह माह में एक लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने की घोषणा पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का विलंब से उठाया गया यह कदम सही है, लेकिन चुनावी कदम ज्यादा लगता है। उन्होंने कहा कि ये नियुक्तियां पेपरलीक व भ्रष्टाचार आदि से मुक्त, समय से पूरा हो जायें तो यह सही होगा, ताकि यह चुनावी छलावा ना साबित हों।

बसपा प्रमुख मायावती ने गुरुवार सुबह सोशल मीडिया प्लेटफार्म 'एक्स' पर लिखा कि एससी, एसटी व ओबीसी समाज के आरक्षित पदों के बैकलाग पर भर्तियों के बारे में भी सरकारी घोषणा की लोगों को उत्सुकता से प्रतीक्षा है। मायावती ने कहा कि राज्य में 69 हजार शिक्षक भर्ती में आरक्षण के नियमों को लेकर इन वर्गों के 6,800 अभ्यार्थी अपनी नियुक्ति के लिये आन्दोलनरत हैं, उनके बारे में भी सरकार को जरूर सोचना चाहिये।

मायावती ने स्कूली शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करते हुए आगे कहा कि बसपा स्कूली शिक्षा व्यवस्था को समुचित तौर पर बेहतर बनाने की मांग लगातार करती रहती है। उन्होंने कहा कि यहां लगभग 30 हजार सरकारी स्कूल बंद कर दिये गये हैं उन्हें दोबारा अच्छे तरीके से सक्रिय करने की व्यवस्था सरकार अविलम्ब करे तो यह भी जनहित में होगा।

बुजुर्ग महिलाओं को बसों में निशुल्क यात्रा पर मायावती ने कहा कि इससे कहीं अधिक सरकार को महिलाओं को हर क्षेत्र में शोषण, अत्याचार, उत्पीड़न आदि से बचाने के साथ ही सुरक्षा, सम्मान व आत्मनिर्भरता के बारे में भी काम करने की जरूरत है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक