अमित शाह 16-17 मई को गुजरात दौरे पर, अहमदाबाद और गांधीनगर में कई कार्यक्रमों में होंगे शामिल
अहमदाबाद, 13 मई (हि.स.)। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह गुजरात दौरे पर आ रहे हैं। वह 16-17 मई को अहमदाबाद और गांधीनगर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे। वह अहमदाबाद नगर निगम (एएमसी) के नवनिर्वाचित पार्षदों से मुलाकात करेंगे।
गांधीनगर महानगर पालिका के जन सम्पर्क अधिकारी ने केंद्रीय मंत्री अमित शाह के कार्यक्रम की पुष्टि की है।
अमित शाह अहमदाबाद और गांधीनगर में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा के लिए निगम अधिकारियों के साथ बैठक भी करेंगे। 16 मई को शाह अहमदाबाद के दक्षिण-पश्चिम जोन कार्यालय में गांधीनगर लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे। इस बैठक में करोड़ों रुपये के विकास कार्य, तालाबों के इंटरलिंकिंग प्रोजेक्ट, मानसून के दौरान “मिशन 5 मिलियन ट्री” अभियान समेत कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर अधिकारियों के साथ चर्चा होगी।
केंद्रीय मंत्री अमित शाह 17 मई को मधुर डेयरी के नए मिल्क प्रोसेसिंग प्लांट के उद्घाटन समारोह में शामिल होंगे। डेयरी के चेयरमैन डॉ शंकर सिंह राणा के अनुसार 17 मई को केंद्रीय मंत्री गांधीनगर जिला दुग्ध उत्पादक सहकारी मंडली द्वारा संचालित मधुर डेयरी के नए मिल्क प्रोसेसिंग प्लांट के उद्घाटन समारोह में शामिल होंगे। चिलोड़ा के निकट दशेला गांव के पास बने इस नए प्लांट का उद्घाटन करने के बाद वह जनसभा को भी संबोधित करेंगे। कार्यक्रम दोपहर एक बजे आयोजित किया गया है। गृह मंत्री पूरे मिल्क प्लांट का निरीक्षण भी करेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे

