बंगाल : गृह मंत्री अमित शाह के काफिले के पास तनाव मामले में चुनाव आयोग ने चार पुलिस अधिकारियों को निलंबित किया
कोलकाता, 04 अप्रैल (हि.स.)। चुनाव आयोग ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी के काफिले के पास हुई तनावपूर्ण घटना के मामले में कोलकाता पुलिस के चार अधिकारियों को निलंबित करने का निर्देश दिया है।
यह घटना एक अप्रैल को उस समय हुई थी, जब शाह और अधिकारी का काफिला दक्षिण कोलकाता स्थित अलीपुर सर्वे भवन की ओर जा रहा था। यहां अधिकारी को भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र से नामांकन दाखिल करना था।
जिन पुलिस अधिकारियों के निलंबन का निर्देश दिया गया है, उनमें दक्षिण विभाग-द्वितीय के उपायुक्त सिद्धार्थ दत्ता, अलीपुर थाने के प्रभारी प्रियंकर चक्रवर्ती, अतिरिक्त प्रभारी चंडी चरण बनर्जी तथा सार्जेंट सौरभ चटर्जी शामिल हैं।
चुनाव आयोग के सचिव सुजीत कुमार मिश्रा ने इस संबंध में पश्चिम बंगाल के मुख्य सचिव दुश्यंत नारियाला को पत्र भेजकर तत्काल निलंबन और विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू करने को कहा है।
पत्र में कहा गया है कि आयोग के निर्देशों को तत्काल प्रभाव से लागू किया जाए तथा पांच अप्रैल 2026 को प्रातः 11.00 बजे तक अनुपालन प्रतिवेदन भेजा जाए। साथ ही रिक्त पदों को भरने के लिए शीघ्र प्रस्ताव भी प्रस्तुत करने को कहा गया है।
इससे पहले कोलकाता पुलिस ने सिद्धार्थ दत्ता तथा रिजर्व बल विभाग-द्वितीय के उपायुक्त मानस राय को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया था।
बताया गया है कि हाल ही में राज्य के वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ हुई एक आभासी बैठक में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कोलकाता पुलिस आयुक्त अजय नंद से इस मामले पर कड़ी नाराजगी जताई थी। उन्होंने यह भी पूछा कि तनाव की स्थिति को रोकने के लिए पहले से सक्रिय कदम क्यों नहीं उठाए गए।
इस मामले में दक्षिण कोलकाता के दो थानों में दर्ज तीन शिकायतों के आधार पर पुलिस ने दो अलग-अलग प्राथमिकी भी दर्ज की हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

