home page

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के 25 वर्ष पूरे होने पर रजत जयंती समारोह मनाएगा ग्रामीण विकास मंत्रालय

 | 
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के 25 वर्ष पूरे होने पर रजत जयंती समारोह मनाएगा ग्रामीण विकास मंत्रालय


नई दिल्ली, 09 मई (हि.स.)। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय रविवार को मध्य प्रदेश के सीहोर में रजत जयंती समारोह मनाएगा। इसी मंच से पीएमजीएसवाई-IV का शुभारंभ किया जाएगा। इस अवसर पर केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मौजूद रहेंगे।

ग्रामीण विकास मंत्रालय ने शनिवार को एक बयान में बताया कि समारोह में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह पीएमजीएसवाई -IV के तहत मध्यप्रदेश के लिए 2,117 किलोमीटर लंबाई की 973 सड़कों तथा 987 बसावटों को लाभ पहुंचाने वाले स्वीकृति पत्र और वित्तीय आवंटन मुख्यमंत्री मोहन यादव को सौंपेंगे। वहीं, पीएम जनमन के तहत 384 किलोमीटर से अधिक सड़क परियोजनाओं का आवंटन भी किया जाएगा, जिससे 168 पिछड़ी बसावटों को सीधा लाभ मिलेगा।

कार्यक्रम के दौरान शिवराज सिंह चौहान प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना को लेकर वर्ष 2026-27 के लिए कुल 18,907 करोड़ रुपये के सांकेतिक आवंटन की घोषणा करेंगे। जिसमें से 830 करोड़ रुपये मध्यप्रदेश के विकास के लिए समर्पित हैं। यह आवंटन ग्रामीण संपर्क, आर्थिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि विपणन की पहुंच को और मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम होगा।

इस समारोह में केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं संचार राज्यमंत्री डॉ. चंद्रशेखर पेम्मासानी और केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्यमंत्री कमलेश पासवान, राज्य के ग्रामीण विकास एवं श्रम मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल तथा राज्य के अन्य जनप्रतिनिधि और केंद्र तथा राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी शामिल रहेंगे।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी