home page

प्रधानमंत्री 27-28 अप्रैल को सिक्किम दौरे पर, विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास करेंगे

 | 
प्रधानमंत्री 27-28 अप्रैल को सिक्किम दौरे पर, विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास करेंगे


नई दिल्ली, 26 अप्रैल (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 27 और 28 अप्रैल को सिक्किम के दौरे पर जाएंगे, जहां वे राज्य के 50वें राज्यत्व वर्ष समारोह के समापन कार्यक्रम में शामिल होंगे और 4,000 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।

प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, वह 27 अप्रैल को दोपहर करीब 3 बजे गंगटोक पहुंचेंगे। 28 अप्रैल को सुबह प्रधानमंत्री गंगटोक स्थित ऑर्किडेरियम का दौरा करेंगे, जहां राज्य की जैविक और पुष्पीय विरासत को प्रदर्शित करने के लिए अत्याधुनिक ‘स्वर्णजयंती मैत्री मंजरी पार्क’ विकसित किया गया है।

इसके बाद प्रधानमंत्री गंगटोक के पालजोर स्टेडियम में आयोजित राज्यत्व के 50वें वर्ष के समापन समारोह में भाग लेंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे। इस अवसर पर वे राज्यभर में 4,000 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं से बुनियादी ढांचा, संपर्क, स्वास्थ्य, शिक्षा, ऊर्जा, शहरी विकास, पर्यावरण, पर्यटन और कृषि जैसे विभिन्न क्षेत्रों को गति मिलेगी।

इसके बाद प्रधानमंत्री नामची जिले के यांगांग में 100 बिस्तरों वाले आयुर्वेद अस्पताल की आधारशिला रखेंगे। साथ ही एनआईटी देओराली में 30 बिस्तरों वाले एकीकृत सोवा-रिग्पा अस्पताल का उद्घाटन करेंगे, जिससे पारंपरिक चिकित्सा सेवाओं को बढ़ावा मिलेगा।

प्रधानमंत्री सिक्किम विश्वविद्यालय के स्थायी परिसर, नेताजी सुभाषचंद्र बोस उत्कृष्टता विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन, हेलेन लेपचा मेडिकल कॉलेज और डेंटम प्रोफेशनल कॉलेज का उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा मॉडल आवासीय विद्यालयों, एक नए डिग्री कॉलेज और मठीय छात्रावास-सह-कक्षा का भी लोकार्पण किया जाएगा। राज्य के 160 स्कूलों में आईटी आधारित शैक्षणिक ढांचे की शुरुआत भी की जाएगी।

संपर्क व्यवस्था को मजबूत करने के लिए प्रधानमंत्री तीस्ता नदी पर दो डबल-लेन स्टील आर्च पुलों की आधारशिला रखेंगे और बिर्धांग से नामची तक सड़क के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण परियोजना का उद्घाटन करेंगे। ऊर्जा क्षेत्र में गंगटोक में ट्रांसमिशन और वितरण नेटवर्क के उन्नयन का उद्घाटन किया जाएगा, जिससे बिजली आपूर्ति और अधिक विश्वसनीय होगी। शहरी विकास के तहत लुम्से में जन सेवा सचिवालय, गंगटोक में सिविल सेवा अधिकारी संस्थान और विभिन्न आवासीय परियोजनाओं का उद्घाटन किया जाएगा। साथ ही एमजी मार्ग पर सद्भाव मंडप की आधारशिला रखी जाएगी।

पर्यावरण संरक्षण के तहत सिंगतम में सीवरेज प्रणाली के पुनर्विकास और गंगटोक में रानी चू नदी प्रदूषण नियंत्रण परियोजना का उद्घाटन किया जाएगा। पर्यटन क्षेत्र में रिज प्रीसिंक्ट के पुनर्विकास, सोरेंग में इको-टूरिज्म और तीर्थ अवसंरचना, कैलाश मानसरोवर यात्रा से जुड़ी सुविधाओं और यात्री निवास का उद्घाटन किया जाएगा। साथ ही ग्यालशिंग में इको-तीर्थ परिसर की आधारशिला रखी जाएगी।

इसके अलावा प्रधानमंत्री सिक्किम इफ्को प्रोसेसिंग प्लांट का उद्घाटन करेंगे, जिससे कृषि प्रसंस्करण और किसानों की आय बढ़ाने में मदद मिलेगी। वहीं, पाकयोंग जिले में इनडोर क्रिकेट सुविधा का भी लोकार्पण किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर