home page

विश्व भर से मिल रहीं हैं प्रधानमंत्री मोदी को बधाईयां

 | 
विश्व भर से मिल रहीं हैं प्रधानमंत्री मोदी को बधाईयां


नई दिल्ली, 10 जून (हि.स.)। भारत के प्रधानमंत्री पद पर सबसे लम्बे समय तक और लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री होने का रिकार्ड बनाने वाले नरेन्द्र मोदी को विश्व भर के नेताओं ने बधाई और शुभकामनाएं भेजी हैं।

प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने के बाद नरेन्द्र मोदी अपने पहले विदेशी दौरे पर भूटान गए थे। भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को बधाई देते हुए उन्हें अपना मित्र, भाई और मार्गदर्शक बताया।

श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके ने प्रधानमंत्री मोदी को बधाई दी और दोनों देशों के बीच दीर्घकालिक संबंधों को और मजबूत करने के लिए श्रीलंका की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया। भारत में श्रीलंका के उच्चायोग ने भी राष्ट्रपति दिसानायके का संदेश भारत और श्रीलंका को दिया, जिसमें दोनों देशों के बीच घनिष्ठ और दीर्घकालिक साझेदारी की पुष्टि की गई।

मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने प्रधानमंत्री मोदी की उपलब्धियों को उनके वर्षों के समर्पित लोक सेवा और नेतृत्व का प्रमाण बताया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि भारत के विकास, समृद्धि और देश की स्थिति को मजबूत करने में उनके वर्षों के समर्पित जनसेवा और नेतृत्व का प्रमाण है। उन्होंने भारत के साथ घनिष्ठ और दीर्घकालिक मित्रता को महत्व देते हुए द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने और दोनों देशों के लोगों के लिए अवसरों का विस्तार करने में सहयोग जारी रखने की आशा व्यक्त की। साथ ही प्रधानमंत्री मोदी की निरंतर सफलता और भारत की जनता के लिए निरंतर शांति, प्रगति और समृद्धि की कामना की।

नाइजीरिया के राष्ट्रपति बोला अहमद तिनबू ने प्रधानमंत्री मोदी को लगातार तीन कार्यकालों में भारत की जनता द्वारा उनके नेतृत्व पर जताए गए विश्वास और भरोसे का उल्लेख किया। राष्ट्रपति तिनबू ने भारत-नाइजीरिया संबंधों को मजबूत करने में प्रधानमंत्री मोदी के योगदान को रेखांकित किया और उनके निरंतर स्वास्थ्य, बुद्धिमत्ता और सफलता की कामना की। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी नाइजीरिया के एक महान मित्र होने के साथ-साथ व्यक्तिगत मित्र और भरोसेमंद सहयोगी भी हैं।

मालदीव के राष्ट्रपति डॉ. मोहम्मद मुइजू ने प्रधानमंत्री को बधाई देते हुए आपसी सम्मान, संप्रभु समानता और साझा हितों के आधार पर भारत के साथ सहयोग को और मजबूत करने की अपने देश की इच्छा व्यक्त की।

केन्या के राष्ट्रपति विलियम समोई रूटो ने इसे भारत की जनता द्वारा उनके नेतृत्व में रखे गए विश्वास और भरोसे का प्रतीक बताया। उन्होंने दोनों देशों के पारस्परिक लाभ के लिए भारत के साथ सहयोग को और गहरा करने के लिए केन्या की प्रतिबद्धता भी व्यक्त की।

दक्षिण कोरिया गणराज्य के राष्ट्रपति ली जे-म्योंग ने भारत के विकास और प्रगति में प्रधानमंत्री मोदी की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया और कोरिया-भारत विशेष रणनीतिक साझेदारी को और आगे बढ़ाने में विश्वास व्यक्त किया।

इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने प्रधानमंत्री मोदी को बधाई दी। उन्होंने रोम में हुई अपनी हालिया मुलाकात को याद किया और दोनों देशों और उनकी जनता के हित में भारत और इटली के बीच विशेष रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने की अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी