home page

नेपाल की सत्तारूढ़ पार्टी आरएसपी के अध्यक्ष लामिछाने ने प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की

 | 
नेपाल की सत्तारूढ़ पार्टी आरएसपी के अध्यक्ष लामिछाने ने प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की


नई दिल्ली, 03 जून (हि.स.)। नेपाल के सत्तारूढ़ दल राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) के अध्यक्ष रवि लामिछाने ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से बुधवार को मुलाकात की। दोनों नेताओं ने दोनों देशों के बीच साझा समृद्धि, विकास और क्षेत्रीय सहयोग के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की।

प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी साझा करते कहा कि रबि लामिछाने से मिलकर उन्हें अत्यंत प्रसन्नता हुई और साझा तथा समृद्ध भविष्य के निर्माण की इच्छा का वह पूरा समर्थन करते हैं। भारत के लिए नेपाल उसकी नेबरहुड फर्स्ट नीति के तहत एक महत्वपूर्ण और प्राथमिक साझेदार है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि नेपाल भारत का प्राथमिक साझेदार है और नई सरकार के साथ मिलकर दोनों देशों के विशेष और बहुआयामी संबंधों को और ऊंचाई तक ले जाने की इच्छा है। भारत और नेपाल के बीच संबंध ऐतिहासिक और बहुआयामी हैं। दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक, धार्मिक और सामाजिक जुड़ाव गहरे हैं।

प्रधानमंत्री ने एक अन्य पोस्ट में कहा कि भारत नेपाल के साथ मिलकर साझा भविष्य के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है। दोनों देशों के बीच सहयोग से क्षेत्रीय स्थिरता और विकास को नई दिशा मिलेगी।

उल्लेखनीय है कि लामिछाने पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के साथ 01 से 05 जून तक भारत के आधिकारिक दौरे पर हैं। उन्होंने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से केंद्रीय मुख्यालय में मुलाकात की थी। भाजपा मुख्यालय पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत किया गया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर