home page

प्रधानमंत्री मोदी समेत कई नेताओं ने दी भाई दूज की शुभकामनाएं

 | 
प्रधानमंत्री मोदी समेत कई नेताओं ने दी भाई दूज की शुभकामनाएं


नई दिल्ली, 11 नवंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने भाई दूज के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं और सभी के सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को एक्स पर पोस्ट कर देशभर के लोगों को भाई दूज की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पावन पर्व भाई-बहन के स्नेहपूर्ण एवं प्रगाढ़ रिश्ते की मिठास और आत्मीयता का प्रतीक है। उन्होंने इस शुभ अवसर पर सभी के जीवन में प्रसन्नता और संपन्नता की कामना की।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भाई दूज को भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और अनमोल रिश्ते को समर्पित पर्व बताते हुए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह त्योहार पारिवारिक रिश्तों की आत्मीयता और एक-दूसरे के प्रति स्नेह, सम्मान एवं जिम्मेदारी के भाव का स्मरण कराता है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि हर भाई-बहन का रिश्ता प्रेम और विश्वास से सदैव मजबूत बना रहे तथा उनके जीवन में सुख, स्वास्थ्य, खुशहाली और समृद्धि बनी रहे।

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने भी समस्त देशवासियों को भाई दूज की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भाई-बहन के पवित्र स्नेह का यह पर्व सभी के जीवन में खुशियां और उमंग लेकर आए।

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने भाई दूज को भाई-बहन के पवित्र बंधन और प्रेम का प्रतीक बताते हुए देशवासियों को इस पावन पर्व की शुभकामनाएं दीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी