प्रयागराज हादसे पर प्रधानमंत्री ने जताया दुख, मृतकों के आश्रितों को 2 लाख की सहायता
नई दिल्ली, 23 मार्च (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने प्रयागराज में कोल्ड स्टोरेज की छत गिरने की घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री ने इस हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के आश्रितों के लिए दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट किया, “उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में एक इमारत के ढहने से हुई दुर्घटना से मैं अत्यंत दुखी हूं। इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं प्रभावित लोगों और उनके परिवारों के साथ हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि घायल लोग जल्द से जल्द स्वस्थ हों।”
उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजन को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि प्रदान की जाएगी। इस हादसे में घायल हुए लोगों को 50-50 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी।”
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

