home page

प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर वाराणसी में जुटेंगे राजग के दिग्गज नेता, बाइक रैली में होंगे शामिल

 | 
प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर वाराणसी में जुटेंगे राजग के दिग्गज नेता, बाइक रैली में होंगे शामिल


नई दिल्ली, 16 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 76वें जन्मदिन और सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के मौके पर 17 सितंबर को वाराणसी में बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। प्रधानमंत्री मोदी के संसदीय क्षेत्र काशी में होने वाले इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।

इनमें

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय मंत्री एवं लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान समेत कई नेता कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। चंद्रबाबू नायडू 17 सितंबर को वाराणसी पहुंचकर रुद्राक्ष इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के कार्यक्रम में शामिल होंगे।

कार्यक्रम के दौरान काशी से वडनगर के लिए ‘सेवा संकल्प बाइक यात्रा’ को रवाना किया जाएगा। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ यात्रा को हरी झंडी दिखाएंगे। यह यात्रा प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर शुरू होने वाले भाजपा के महीनेभर के ‘सेवा संकल्प अभियान’ का हिस्सा है।

इसके साथ ही वडनगर से वाराणसी और वाराणसी से वडनगर के बीच दो बाइक यात्राएं एक साथ शुरू होंगी। यात्राएं 10 राज्यों के 193 जिलों और करीब 1,159 गांवों से गुजरेंगी तथा लगभग 40 हजार किलोमीटर की दूरी तय करेंगी। इनमें करीब 1,000 युवा शामिल होंगे। दोनों यात्राओं का समापन 7 अक्टूबर को प्रस्तावित है। उल्लेखनीय है कि

भाजपा ने ‘सेवा संकल्प अभियान’ को 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाने की योजना बनाई है। इसके तहत देशभर में सेवा, जनसंपर्क और विभिन्न सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान में प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों को भी प्रमुखता से रखा जाएगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में सार्वजनिक पद की जिम्मेदारी संभाली थी। मई 2014 में वे प्रधानमंत्री बने। वे 2014 में पहली बार वाराणसी लोकसभा सीट से निर्वाचित हुए और 2019 तथा 2024 में भी इसी सीट से जीत दर्ज की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी