home page

आज भूपेन हजारिका का असम और भारत निर्माण का संकल्प हो रहा साकारः प्रधानमंत्री

 | 
आज भूपेन हजारिका का असम और भारत निर्माण का संकल्प हो रहा साकारः प्रधानमंत्री


नई दिल्ली, 29 नवंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को कहा कि युवा भूपेन हजारिका ने एक नए असम और नए भारत के निर्माण का संकल्प लिया था और आज हम अपनी आंखों से इसका निर्माण होते देख रहे हैं। आज की युवा शक्ति स्टार्टअप, अंतरिक्ष, रॉकेट कृषि, वित्त तथा विज्ञान के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है। हमारा संकल्प है कि कोई पीछे ना छूटे और इसी का नतीजा है कि अभी विश्व बैंक की रिपोर्ट में 50 करोड़ भारतीयों के गरीब रेखा से बाहर ने की उपलब्धि गिनाई गई है।

प्रधानमंत्री मोदी ने आज नई दिल्ली के भारत मंडपम में डॉ भूपेन हजारिका की जन्म शताब्दी समारोह के समापन समारोह को संबोधित किया। भूपेन हजारिका की जन्मशताब्दी समारोह गुवाहाटी से शुरू हुआ था और इसका समापन दिल्ली में हो रहा है। उनकी स्मृति में असम की हेमंत बिस्वा सरमा सरकार ने नए पुरस्कार की शुरुआत की है और इस वर्ष उषा मंगेशकर को इससे सम्मानित किया गया है।

प्रधानमंत्री ने उषा मंगेशकर को दीदी कहकर संबोधित किया और कहा कि यह सम्मान भूपेंद्र की विरासत और संगीत जगत का सम्मान है। असम और देश की अनेक पीढ़ियां भूपेंद्र और उषा दीदी के गीतों को सुनकर बड़ी हुई हैं। उन्हें विश्वास है कि उनकी बहनें लता मंगेशकर और आशा भोसले जहां कहीं भी होगीं आशीर्वाद दे रही होगीं।

प्रधानमंत्री ने रविवार को यहां कहा कि डॉ भूपेन हजारिका आधुनिक होते हुए भी जमीन से जुड़े हुए थे और उनमें वैश्विक प्रतिभा के साथ भारतीय हृदय था। उन्होंने भारतीय भावनाओं को आवाज दी और सपनों को गीतों में पिरोया। हम भाग्यशाली हैं कि भारत सरकार ने उन्हें उनकी विरासत के लिए देश के सर्वोच्च सम्मान से सम्मानित किया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि यह आयोजन असम और पूर्वोत्तर के साथ भारत की कला और सामूहिक चेतना का भी उत्सव है। इससे पहले देश के महान योद्धा वीर लाचित बरफुकन जी की 400वीं जयंती का भव्य कार्यक्रम भी दिल्ली में आयोजित हुआ था।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा