home page

प्रधानमंत्री 10-11 मई को गुजरात दौरे पर, सोमनाथ अमृत महोत्सव और सरदारधाम हॉस्टल का करेंगे उद्घाटन

 | 
प्रधानमंत्री 10-11 मई को गुजरात दौरे पर, सोमनाथ अमृत महोत्सव और सरदारधाम हॉस्टल का करेंगे उद्घाटन


नई दिल्ली, 09 मई (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 10 और 11 मई को गुजरात का दौरा करेंगे। इस दौरान वे 11 मई को सुबह सोमनाथ मंदिर में सोमनाथ अमृत महोत्सव में शामिल होंगे, जहां पुनर्निर्मित मंदिर के लोकार्पण की 75वीं वर्षगांठ मनाई जाएगी। प्रधानमंत्री विशेष महापूजा, कुम्भाभिषेक और ध्वजारोहण जैसे धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लेंगे और इस अवसर पर स्मारक डाक टिकट व सिक्का भी जारी करेंगे।

प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, इसके बाद प्रधानमंत्री 11 मई की शाम वडोदरा जाएंगे, जहां वे सरदारधाम हॉस्टल का उद्घाटन करेंगे। इस परियोजना में 1,000 लड़कों और 1,000 लड़कियों के लिए आवासीय सुविधा उपलब्ध कराई गई है। हॉस्टल में केंद्रीय भोजनालय, पुस्तकालय और ऑडिटोरियम जैसी आधुनिक सुविधाएं भी विकसित की गई हैं। प्रधानमंत्री सरदारधाम परिसर के विभिन्न हिस्सों का भी दौरा करेंगे, जिनमें स्वागत क्षेत्र, नागरिक सुविधाएं, भोजनालय और ई‑लाइब्रेरी शामिल हैं।

उल्लेखनीय है कि सोमनाथ मंदिर में आयोजित कार्यक्रम भारत की आस्था और सभ्यता की विरासत को उजागर करेगा। मंदिर, जो बारह ज्योतिर्लिंगों में से एक है, देश की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक धरोहर का प्रतीक माना जाता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर