home page

पियरिक फिलोन के भारत में पांच वर्ष पूरे, दिल्ली में विशेष समारोह

 | 

नई दिल्ली, 27 अगस्त (हि.स.)। एडिडास यूरोप के शोध एवं नवाचार विभाग के प्रमुख पियरिक फिलोन के भारत में पांच वर्ष पूरे होने पर यहां आयोजित विशेष समारोह में भारत के साथ उनके पांच वर्ष के जुड़ाव, शोध एवं नवाचार, खेल, प्रौद्योगिकी, संस्कृति और कारोबार के क्षेत्र में उनके अनुभवों पर चर्चा हुई।

कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी, विभिन्न देशों के राजदूत एवं वरिष्ठ राजनयिक के अलावा उद्योग, मीडिया और सामाजिक क्षेत्र से जुड़ी प्रमुख हस्तियां शामिल हुईं। विभिन्न देशों के राजनयिक प्रतिनिधियों की मौजूदगी ने कार्यक्रम को अंतरराष्ट्रीय स्वरूप दिया।

इस अवसर पर पियरिक फिलोन ने भारत में बिताए अपने पांच वर्षों के अनुभव साझा किए। उन्होंने भारत को विविधता, संस्कृति, प्रतिभा और ऊर्जा से भरपूर देश बताते हुए कहा कि यहां बिताए पांच वर्ष उनके लिए बेहद खास और यादगार रहे हैं। भारत ने उन्हें हर दिन कुछ नया सीखने का अवसर दिया।

उन्होंने कहा कि भारत की युवा आबादी, तेजी से बदलती अर्थव्यवस्था और बढ़ता नवाचार तंत्र देश को दुनिया में काम करने और सार्थक सहयोग विकसित करने के लिए सबसे आकर्षक स्थानों में से एक बनाता है। उन्होंने भारत के बदलते कारोबारी और नवाचार के माहौल को भी अपने अनुभवों का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया।

समारोह में फिलोन के भारत के साथ पेशेवर जुड़ाव के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा हुई। शोध एवं नवाचार के साथ खेल और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में भारत की बढ़ती संभावनाओं तथा वैश्विक स्तर पर सहयोग के अवसरों को भी रेखांकित किया गया।

पूर्व केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी ने पियरिक फिलोन को भारत में पांच वर्ष पूरे करने पर बधाई दी। उन्होंने भारत और यूरोप के बीच बढ़ते जनसंपर्क तथा पेशेवर और संस्थागत संबंधों की सराहना की। उन्होंने ऐसे संवाद और सहयोग को दोनों पक्षों के बीच संबंधों को और मजबूत करने वाला बताया।

कार्यक्रम में राजनयिक, कारोबारी, मीडिया और सामाजिक क्षेत्रों से जुड़े लोगों की मौजूदगी रही। विभिन्न देशों के राजदूतों और वरिष्ठ राजनयिक प्रतिनिधियों के साथ उद्योग जगत की प्रमुख हस्तियों की भागीदारी ने भारत के साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ते सहयोग और संपर्क को भी सामने रखा।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर