home page

पंजाब चुनाव से पहले भाजपा का बड़ा फैसला, केवल सिंह ढिल्लों को बनाया प्रदेश अध्यक्ष

 | 
पंजाब चुनाव से पहले भाजपा का बड़ा फैसला, केवल सिंह ढिल्लों को बनाया प्रदेश अध्यक्ष


चंडीगढ़, 28 मई (हि.स.)। पंजाब में अगले साल 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने संगठन में बड़ा बदलाव किया है। पार्टी ने बरनाला के पूर्व विधायक और वरिष्ठ नेता केवल सिंह ढिल्लों को पंजाब भाजपा का अध्यक्ष नियुक्त किया है।

इस संबंध में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह द्वारा हस्ताक्षरित पत्र में कहा गया है कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने केवल सिंह ढिल्लों को भाजपा पंजाब प्रदेश का अध्यक्ष नियुक्त किया है। उपरोक्त नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी।

ढिल्लों बरनाला से दो बार (2007 और 2012) विधायक रह चुके हैं। उन्हें पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह का करीबी माना जाता है। केवल ढिल्लों करीब चार साल पहले कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे। अब वह पंजाब में भाजपा का सिख चेहरा होंगे। इससे पहले पार्टी ने सुनील जाखड़ को प्रधान बनाया था।

गुरुवार को जिस समय केवल सिंह ढिल्लों को प्रदेश अध्यक्ष घोषित किया गया, उस समय वह चंडीगढ़ स्थित पंजाब लोक भवन में थे। भाजपा के कुछ नेता आज केवल सिंह ढिल्लो के नेतृत्व में चुनाव आयोग से मुलाकत करने के लिए पहुंचे हुए थे।

ढिल्लों ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि 2027 में पंजाब में कमल का फूल खिलेगा, भाजपा की सरकार बनेगी। सारी भारतीय जनता पार्टी इकट्ठी है। मिलकर बातचीत करेंगे। पश्चिम बंगाल के बाद अब पंजाब की बारी है।

कौन हैं केवल सिंह ढिल्लों

केवल सिंह ढिल्लों पंजाब के बरनाला जिला के तल्लेवाल गांव से हैं। उनका जन्म 16 मई 1950 को हुआ था। वह पंजाब के बड़े उद्योगपतियों और प्रभावशाली नेताओं में गिने जाते हैं। वह ढिल्लों ग्रुप के प्रमुख हैं। उनकी शुरुआती पढ़ाई बरनाला में हुई थी। वह लंबे समय तक कांग्रेस पार्टी से जुड़े रहे। कांग्रेस के टिकट पर वह 2007 और 2012 में बरनाला से विधायक चुने गए थे। 2017 में आम आदमी पार्टी के गुरमीत सिंह मीत हेयर ने उन्हें हराया था। जून 2022 में कांग्रेस पार्टी छोड़ी और भाजपा में शामिल हो गए थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा