पांडवेश्वर: कुमारडीही कोलियरी में 200 फीट नीचे फंसी 'डुलि', 14 ईसीएल कर्मी खदान में फंसे, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
कोलकाता, 26 अक्टूबर (हि.स.)।पश्चिम बंगाल के पांडवेश्वर स्थित ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल) की कुमारडीही कोलियरी में सोमवार रात एक बड़ा हादसा हो गया। खदान के अंदर उतरते समय 'डुलि' (लिफ्ट) के यांत्रिक खराबी के कारण रुक जाने से लगभग 200 फीट की गहराई में 14 ईसीएल कर्मी फंस गए हैं। इस घटना के बाद कोलियरी परिसर में भारी दहशत का माहौल है और फंसे हुए खनिकों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए युद्ध स्तर पर बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना सोमवार शाम करीब साढ़े पांच बजे हुई। उस समय एक डुलि के जरिए आठ मजदूर खदान के नीचे जा रहे थे, जबकि दूसरी डुलि से छह मजदूर अपना काम खत्म करके ऊपर लौट रहे थे। इसी दौरान डुलि को ऊपर-नीचे करने वाले इंजन रूम के ड्रम में लोहे का एक तार फंस गया, जिससे बड़ा हादसा हो गया। तार फंसने के कारण दोनों डुलि बीच रास्ते में ही लटक गईं और कुल 14 मजदूर खदान के घुप अंधेरे में फंस गए।
पिछले कई घंटों से ये सभी कर्मी खदान के अंदर फंसे हुए हैं। उनके सहकर्मी ऊपर से लगातार आवाज लगाकर उनसे बात कर रहे हैं ताकि उनका मनोबल बना रहे और वे दहशत में न आएं। फंसे हुए कर्मियों को लगातार ऑक्सीजन की आपूर्ति की जा रही है। इसके साथ ही, ऊपर से उनके लिए पानी की बोतलें और भोजन भी नीचे भेजा गया है। हालांकि, सहकर्मियों ने चिंता जताई है कि यदि बचाव कार्य में अधिक देरी हुई, तो खदान के भीतर फंसे श्रमिकों का मानसिक तनाव और घबराहट काफी बढ़ सकती है, जिससे स्थिति और भी बिगड़ सकती है।
घटना की सूचना मिलते ही विधायक जितेंद्र तिवारी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने आश्वासन देते हुए कहा कि श्रमिकों को सुरक्षित निकालने के लिए प्रशासन द्वारा हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं और लगातार उनसे संवाद स्थापित कर उन्हें ढांढस बंधाया जा रहा है। वहीं, कोलियरी के एजेंट मधुसूदन सिंह ने बताया कि मरम्मत का कार्य तेजी से शुरू किया जा रहा है और खदान के नीचे फंसे श्रमिकों को जल्द से जल्द सुरक्षित ऊपर लाने की पूरी कोशिश की जा रही है। हालांकि, अचानक हुई इस यांत्रिक खराबी का कोई स्पष्ट कारण अभी तक सामने नहीं आया है।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

