फिलिस्तीन में भारत की आठवीं त्वरित प्रभाव परियोजना से शिक्षा सुविधाओं को बढ़ावा
नई दिल्ली, 20 अगस्त (हि.स.)। भारत ने फिलिस्तीन में अपनी आठवीं त्वरित प्रभाव परियोजना के तहत जेरिको स्थित महिला चैरिटेबल सोसाइटी स्कूल में शैक्षणिक सुविधाओं का उन्नयन किया है। परियोजना का उद्देश्य स्थानीय विद्यार्थियों के लिए बेहतर और आधुनिक शिक्षण वातावरण उपलब्ध कराना है। इसमें कक्षाओं में कंप्यूटर और अन्य आवश्यक शैक्षणिक उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं।
विदेश मंत्रालय के अनुसार सचिव (सीपीवी एवं ओआईए) राजदूत श्रीप्रिया रंगनाथन ने जेरिको महिला चैरिटेबल सोसाइटी स्कूल में परियोजना का उद्घाटन किया। इस अवसर पर जेरिको और जॉर्डन घाटी के राज्यपाल डॉ. हुसैन हमायेल सहित स्थानीय अधिकारी मौजूद रहे। उद्घाटन के दौरान नए कंप्यूटर कक्ष और शैक्षणिक सुविधाओं का निरीक्षण किया गया।
भारत की त्वरित प्रभाव परियोजनाएं स्थानीय समुदायों की जरूरतों के अनुरूप छोटे स्तर की विकास परियोजनाओं को समर्थन देती हैं। फिलिस्तीन में शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रौद्योगिकी और सामुदायिक विकास के क्षेत्र में ऐसी परियोजनाओं के माध्यम से भारत स्थानीय स्तर पर प्रत्यक्ष लाभ पहुंचाने पर जोर दे रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा

