home page

तमिलनाडु विधानसभा को रील बनाने का मंच बना रहे मुख्यमंत्री विजय : पी. विल्सन

 | 
तमिलनाडु विधानसभा को रील बनाने का मंच बना रहे मुख्यमंत्री विजय : पी. विल्सन


नई दिल्ली, 08 सितंबर (हि.स.)। डीएमके सांसद पी. विल्सन ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय थलापति के विधानसभा में दिए गए भाषण को लेकर उनपर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री विधानसभा जैसे महत्वपूर्ण मंच का इस्तेमाल रील बनाने के लिए कर रहे हैं।

पी. विल्सन ने कहा कि मुख्यमंत्री का यह रवैया उनकी राजनीतिक अपरिपक्वता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से ऐसे वीडियो बनाए जा रहे हैं, जिनके जरिए लोगों की तारीफ और समर्थन हासिल करने की कोशिश की जा रही है, लेकिन इसका उलटा असर हो रहा है।

मंगलवार को नई दिल्ली में मीडिया से बातचीत में सांसद पी.

विल्सन ने मुख्यमंत्री विजय के विधानसभा में दिए गए भाषण की आलोचना करते हुए कहा कि इसे कोई भी सराहने वाला नहीं था।

उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन ने विधानसभा में पिछले 100 दिनों के दौरान तमिलनाडु की बिगड़ती कानून-व्यवस्था का मुद्दा स्पष्ट रूप से उठाया है। उनके अनुसार, राज्य में लगातार हत्याएं हो रही हैं और कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक रूप से खराब हुई है।

पी. विल्सन ने कहा कि सरकार को सोशल मीडिया पर रील बनाने के बजाय राज्य की कानून-व्यवस्था और जनता की सुरक्षा पर ध्यान देना चाहिए।

उन्होंने मुख्यमंत्री पर पुराने मामलों और 50 वर्ष पुराने सरकारिया आयोग की रिपोर्ट का हवाला देकर विधानसभा को गुमराह करने का आरोप लगाया। पी विल्सन ने कहा कि यदि इसी आधार पर चर्चा हो सकती है, तो मुख्यमंत्री से जुड़े आयकर विभाग के पुराने मामलों पर भी सदन में चर्चा की जानी चाहिए।

अपने संसदीय प्रश्न के जवाब में वित्त मंत्रालय द्वारा दिए गए आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि अप्रैल 2021 से फरवरी 2026 के बीच ईडी ने 4,377 ईसीआईआर दर्ज किए, लेकिन केवल 59 मामलों में दोषसिद्धि हुई।

उन्होंने दावा किया कि 98 प्रतिशत से अधिक मामले अब भी लंबित हैं, इसलिए केवल ईडी के पत्रों के आधार पर किसी को दोषी नहीं ठहराया जा सकता।

उन्होंने मुख्यमंत्री विजय पर जनता का भरोसा तोड़ने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार के 100 से अधिक दिन बीत चुके हैं, लेकिन सरकार जनता की अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतरी है। उन्होंने मुख्यमंत्री से विधानसभा की गरिमा बनाए रखने और राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बजाय शासन पर ध्यान देने की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी