home page

गरीबों और जनजातीय समाज के नेतृत्व को कांग्रेस बर्दाश्त नहीं कर पा रही: धर्मेंद्र प्रधान

 | 
गरीबों और जनजातीय समाज के नेतृत्व को कांग्रेस बर्दाश्त नहीं कर पा रही: धर्मेंद्र प्रधान


भुवनेश्वर, 11 नवंबर (हि.स.)। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा नेता धर्मेंद्र प्रधान ने आरोप लगाते हुए कहा कि गरीबों और जनजातीय समाज से उभरने वाले नेतृत्व को कांग्रेस बर्दाश्त नहीं कर पा रही है। बुधवार को अनुगोल में आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में शामिल होने के बाद सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कांग्रेस पर अराजकता, भ्रष्टाचार, लोकतंत्र विरोधी रवैया और देश के विकास में बाधा डालने वाली मानसिकता का आरोप लगाया।

प्रधान ने कहा कि देश की जनता कांग्रेस की अराजकता और तुष्टीकरण की राजनीति को पूरी तरह नकार चुकी है। लगातार चुनावी पराजय के बाद राहुल गांधी और कांग्रेस के नेता लोकतंत्र, निर्वाचन आयोग तथा संविधान के खिलाफ दुष्प्रचार कर रहे हैं। यह उनकी हताशा को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि ओडिशा में वर्ष 1998 से लेकर 2024 तक हुए चुनावों में जनता ने लगातार कांग्रेस को नकारा है। गुजरात, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल सहित कई राज्यों में भी कांग्रेस का जनाधार कमजोर हुआ है।

प्रधान ने कहा कि लोकतंत्र की वास्तविक ताकत के कारण ही ओडिशा के एक जनजातीय परिवार में जन्मी द्रौपदी मुर्मु देश की राष्ट्रपति बनीं और एक साधारण चाय विक्रेता के बेटे नरेन्द्र मोदी प्रधानमंत्री पद तक पहुंचे, लेकिन कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व और गांधी परिवार गरीबों तथा जनजातीय समाज से आने वाले नेतृत्व को सहजता से स्वीकार नहीं कर पा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावों में बार-बार हार के बाद कांग्रेस के नेता जनादेश, संविधान और निर्वाचन आयोग की विश्वसनीयता पर सवाल उठा रहे हैं।

धर्मेंद्र प्रधान ने सोनिया गांधी की पुस्तक और उनके पूर्व के बयानों का उल्लेख किया। उन्होंने बाबरी ढांचे के मुद्दे पर कांग्रेस के रुख तथा बाटला हाउस मुठभेड़ के दौरान आतंकवादियों के प्रति सहानुभूति को उसकी तुष्टीकरण की मानसिकता का उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि देश की सेना, पुलिस और अर्धसैनिक बलों के बलिदान तथा सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल उठाना कांग्रेस के देशविरोधी रवैये को उजागर करता है।

भाजपा नेता ने कहा कि लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद जनता की सेवा करने के बजाय कुछ नेताओं ने शासन को अपने परिवार की जागीर समझ लिया था। ऐसे नेताओं को देश की जनता अब स्वीकार नहीं कर रही है।

ओडिशा में विकास का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार ने राज्य में विकास के नए युग की शुरुआत की है। राज्य में पांच लाख से अधिक नए लाभार्थियों को पेंशन का वितरण, प्रधानमंत्री आवास योजना, सड़क निर्माण और ग्रामीण विकास से जुड़े कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।

प्रधान ने अराजकता और नकारात्मक मानसिकता के खिलाफ गांव-गांव में जनजागरण अभियान चलाने का आह्वान किया।

पदयात्रा और सभा में ढेंकानाल के सांसद रुद्र नारायण पाणि, अनुगोल विधायक प्रताप चंद्र प्रधान, पल्लहड़ा विधायक अशोक महांति, छेंडीपदा विधायक अगस्ति बेहरा सहित जिले के कई वरिष्ठ नेता और सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता महंतो