home page

दिल्ली-हरिद्वार एक्सप्रेस और नंदा देवी एक्सप्रेस के नए ठहराव, यात्रियों को मिलेगी सुविधा

 | 

नई दिल्ली, 09 सितंबर (हि.स.)। उत्तर रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए दिल्ली-हरिद्वार एक्सप्रेस और देहरादून-कोटा नंदा देवी एक्सप्रेस के कुछ नए स्टेशनों पर प्रायोगिक ठहराव की घोषणा की है। इसके तहत दिल्ली-हरिद्वार एक्सप्रेस सकोटी टांडा और रोहाना कलां स्टेशन पर, जबकि नंदा देवी एक्सप्रेस देवबंद स्टेशन पर रुकेगी।

उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बुधवार को बताया कि गाड़ी संख्या 14303/14304 दिल्ली जंक्शन-हरिद्वार-दिल्ली जंक्शन एक्सप्रेस का सकोटी टांडा और रोहाना कलां स्टेशन पर ठहराव 11 सितंबर से शुरू होगा। दिल्ली से हरिद्वार जाने वाली ट्रेन दौराला, सकोटी टांडा, खतौली, मंसूरपुर, मुजफ्फरनगर, रोहाना कलां और देवबंद स्टेशन पर रुकेगी। हरिद्वार से दिल्ली आने वाली ट्रेन भी इन स्टेशनों पर ठहराव करेगी।

इसके अलावा गाड़ी संख्या 12402/12401 देहरादून-कोटा-देहरादून नंदा देवी एक्सप्रेस का देवबंद स्टेशन पर ठहराव 10 सितंबर से शुरू होगा। देहरादून से कोटा जाने वाली ट्रेन देवबंद रात 1:45 बजे पहुंचेगी और 1:47 बजे रवाना होगी। कोटा से देहरादून आने वाली ट्रेन रात 2:25 बजे पहुंचेगी और 2:27 बजे प्रस्थान करेगी।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी