दिल्ली मंडल में 70वां रेल सेवा पुरस्कार : डीआरएम ने 100 रेलकर्मियों को किया सम्मानित
नई दिल्ली, 30 अप्रैल (हि.स.)। दिल्ली मंडल के रेल प्रबंधक (डीआरएम) पुष्पेश रमण त्रिपाठी ने गुरुवार को 100 रेल अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किया। उन्होंने सभी पुरस्कार विजेताओं को बधाई देते हुए 24x7 कठिन ड्यूटी निभाने में उनके समर्पण और प्रयासों की सराहना की।
देश में पहली ट्रेन के बोरी-बंदर से ठाणे के बीच संचालन की स्मृति में मनाए जाने वाले रेलवे सप्ताह के अवसर पर दिल्ली मंडल, उत्तर रेलवे ने राष्ट्रीय रेल संग्रहालय, नई दिल्ली में “70वां रेल सेवा पुरस्कार” समारोह आयोजित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक पुष्पेश रमण त्रिपाठी ने की। इस मौके पर अतिरिक्त मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार सिन्हा, त्रिभुवन मिश्रा और नेम सिंह बघेल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी तथा यूनियन और संघों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
समारोह में वर्ष 2025-26 के दौरान दिल्ली मंडल की उपलब्धियों को भी बताया गया। यात्री सुविधाओं को बढ़ाने के लिए नई दिल्ली–फिरोजपुर खंड पर वंदे भारत ट्रेन और दिल्ली शाहदरा–शामली खंड पर दो मेमू सेवाएं शुरू की गईं, जबकि अमृत भारत योजना के तहत 34 स्टेशनों का पुनर्विकास किया गया। त्योहारों के दौरान बेहतर भीड़ प्रबंधन के लिए अतिरिक्त टिकटिंग सुविधाएं, एम-यूटीएस और एटीवीएम लगाए गए।
माल ढुलाई के क्षेत्र में मंडल ने 2025-26 में 20.45 मिलियन टन लदान और 16,101 रेक का संचालन करते हुए 7.28 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की। जींद–पानीपत खंड पर गति 65 से बढ़ाकर 110 किमी प्रति घंटा की गई।
तकनीकी उन्नयन के तहत आधुनिक शतक टॉवर वैगन, सीसीटीवी निगरानी प्रणाली, सौर ऊर्जा आधारित सुविधाएं और उत्सर्जन नियंत्रण उपकरण लगाए गए, जिससे ऊर्जा बचत और प्रदूषण में कमी आई। सुरक्षा और सेवा अभियानों के तहत नन्हे फरिश्ते से 327 बच्चों को बचाया गया, ऑपरेशन अमानत में 3.28 करोड़ रुपये का सामान बरामद हुआ और ऑपरेशन नारकोस में 82.2 करोड़ रुपये के एनडीपीएस मामले पकड़े गए।
इसके अलावा स्क्रैप निपटान से 58.51 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया गया और आवश्यक मशीनरी की खरीद से परिचालन क्षमता को मजबूत किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

