home page

दिल्ली में प्रदर्शन के मद्देनजर शनिवार को कई ट्रेनें रद्द

 | 
दिल्ली में प्रदर्शन के मद्देनजर शनिवार को कई ट्रेनें रद्द


नई दिल्ली, 09 अक्टूबर (हि.स.)। दिल्ली में शनिवार, 10 अक्टूबर को प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन और ट्रैफिक एडवाइजरी के मद्देनजर उत्तर रेलवे ने कई ट्रेनों को रद्द करने का फैसला किया।

उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने शुक्रवार को एक बयान में बताया कि सुबह 4 से दोपहर 2 बजे तक प्रस्तावित प्रदर्शन के कारण नई दिल्ली, हजरत निजामुद्दीन और तिलक ब्रिज रेलवे स्टेशनों पर आने-जाने वाली ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा।

रेलवे की ओर से जारी सूची के अनुसार, 9 एवं 10 अक्टूबर को चलने वाली कई प्रमुख ट्रेनों को रद्द किया गया है। इनमें मगध एक्सप्रेस, तेजस राजधानी एक्सप्रेस, संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस, अमृत भारत एक्सप्रेस, प्रयागराज एक्सप्रेस और श्रमशक्ति एक्सप्रेस जैसी ट्रेनें शामिल हैं। इसके अलावा कानपुर, आगरा, बनारस, कासगंज और लखनऊ से दिल्ली आने वाली कुछ अन्य ट्रेनें भी प्रभावित होंगी।

इस्लामपुर से नई दिल्ली आने वाली 20801 मगध एक्सप्रेस, राजेंद्र नगर से चलने वाली 12309 तेजस राजधानी एक्सप्रेस, 12393 संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस और 22361 अमृत भारत एक्सप्रेस को रद्द किया गया है। कानपुर सेंट्रल से नई दिल्ली आने वाली 12033 शताब्दी एक्सप्रेस, प्रयागराज से आने वाली 12417 प्रयागराज एक्सप्रेस और 12275 हमसफर एक्सप्रेस भी प्रभावित ट्रेनों में शामिल हैं।

इसके अलावा 12451 श्रमशक्ति एक्सप्रेस, आगरा कैंट से आने वाली 14211 इंटरसिटी, बनारस से चलने वाली 12559 और 12581 नंबर की ट्रेनें, कासगंज से आने वाली 15303 और लखनऊ से चलने वाली 82501 तेजस एक्सप्रेस सूची में शामिल हैं। जबलपुर से हजरत निजामुद्दीन आने वाली 22181, 12189 और 12121 नंबर की ट्रेनों पर असर पड़ेगा।

प्रदर्शन के कारण तिलक ब्रिज और हजरत निजामुद्दीन से संबंधित कई ट्रेनों का परिचालन भी प्रभावित रहेगा। इनमें सिरसा से तिलक ब्रिज आने वाली 15308, उदयपुर सिटी से हजरत निजामुद्दीन आने वाली 12964 और श्रीगंगानगर से तिलक ब्रिज आने वाली 14727 ट्रेन शामिल हैं।

इसके साथ ही हजरत निजामुद्दीन से उदयपुर सिटी जाने वाली 12963, तिलक ब्रिज से भिवानी जाने वाली 14738, भिवानी से तिलक ब्रिज आने वाली 14737 और तिलक ब्रिज से श्रीगंगानगर जाने वाली 14728 ट्रेनें रद्द रहेंगी। देहरादून से नई दिल्ली आने वाली 12056 ट्रेन को रद्द करने की जानकारी दी गई है। कुछ ट्रेनों को रेक उपलब्ध नहीं होने के कारण रद्द किया गया है।

उत्तर रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की पुष्टि कर लें, ताकि स्टेशन पहुंचने के बाद किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या रेलवे के अधिकृत पूछताछ माध्यमों से ट्रेन के परिचालन से जुड़ी ताजा जानकारी प्राप्त करें।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी