बंगाल की प्रचण्ड जीत के बाद दिल्ली के कालीबाड़ी मंदिर पहुंचे भाजपा अध्यक्ष
नई दिल्ली, 05 मई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत के बाद, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन मंगलवार को दिल्ली के सीआर पार्क स्थित कालीबाड़ी मंदिर में पहुंचे और पूजा-अर्चना की। उन्होंने मां काली का आशीर्वाद लिया और इस जीत को जनता के विश्वास और बदलाव का प्रतीक बताया। उनके साथ बांसुरी स्वराज और वीरेंद्र सचदेवा सहित कई नेता मौजूद रहे।
मिनी बंगाल के नाम से जाने जाने वाले चितरंजन पार्क के लोगों ने नितिन नवीन का अभिनंदन किया। उसके बाद उन्होंने शंख की ध्वनि के बीच पूरे विधि विधान के साथ काली मां की पूजा की और उनका आशीर्वाद लिया।
काली बाड़ी में पूजा-अर्चना के बाद मीडिया से बात करते हुए भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि वे पश्चिम बंगाल और उन सभी राज्यों के लोगों को बधाई देते हैं, जहां चुनाव हुए। उन्होंने कहा कि उन्हें विश्वास है प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पश्चिम बंगाल की संस्कृति और विरासत को आगे बढ़ाया जा सकता है। नितिन नवीन ने सभी राज्यों में शांति और समृद्धि बनी रहने की कामना की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

