नीतीश कुमार ने राज्यसभा के लिए भरा नामांकन, अमित शाह ने दी बधाई
नई दिल्ली, 05 मार्च (हि.स.)। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन एवं बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा नामांकन के लिए उन्हें बधाई दी। अमित शाह ने एक्स पर अपने संदेश में कहा कि एक लंबी राजनीतिक यात्रा में विधायक, सांसद, मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री रहते हुए नीतीश कुमार के दामन पर कभी कोई दाग नहीं लगा। भ्रष्टाचार के एक भी आरोप के बिना इतना लंबा राजनीतिक सफर तय करना सिद्ध करता है कि नीतीश कुमार ने सार्वजनिक जीवन को किस तरह जिया है। बिहार के हर गांव, हर घर में बिजली पहुंचाने में भी नीतीश कुमार का बहुत बड़ा योगदान रहा। नीतीश कुमार हमेशा सादगी, शुचिता और सार्वजनिक जीवन के उच्चतम मूल्यों के पक्षधर रहे हैं और उन्होंने इनका अक्षरशः पालन भी किया है।
अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में 11 वर्षों तक बिहार को हर प्रकार से आगे ले जाने में नीतीश कुमार का बहुत बड़ा योगदान है। उनके नेतृत्व में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की भेजी हुई सभी योजनाएं बिहार के जन-जन तक पहुंची हैं।
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री ने कहा कि नीतीश कुमार जी, 1974 के जयप्रकाश आंदोलन के प्रमुख नेता रहे हैं और तब से लेकर आज तक उन्होंने पूरा जीवन लोकनायक जयप्रकाश नारायण जी के सिद्धांतों पर बिताने का प्रयास किया। आज फिर से एक बार वह राज्यसभा के सांसद के नाते दिल्ली आ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के तौर पर उनका जो कार्यकाल रहा, बिहार के लोग हमेशा उसे याद भी रखेंगे और उसका सम्मान भी करेंगे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने लंबे राजनैतिक जीवन में जेपी के आदर्शों का पालन करते हुए बिहार में विकास की नई इबारत लिखने का कार्य किया, बिहार की जनता उनके कार्यकाल को स्वर्णिम काल के रूप में सम्मान के साथ याद रखेगी।
उन्होंने कहा कि बिहार के विकास को सही मायनों में गति देने का कार्य नीतीश कुमार ने किया। उन्होंने अपने शासनकाल में बिहार को जंगलराज से मुक्त करने का काम किया, बिहार की सड़कों को बेहतर किया और उनसे गांवों को जोड़ा।
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के राज्यसभा नामांकन पर उन्हें बधाई देते हुए अमित शाह ने कहा कि राज्य में लंबे समय तक राजनीति करने के बाद वे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने हैं और अब वह राज्यसभा के माध्यम से संसद में भी अपना योगदान देंगे। एनडीए के सदस्य के साथ भाजपा के करोड़ों कार्यकर्ताओं अध्यक्ष का संसद में स्वागत करते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

