आर्मेनिया, मिस्र सहित आठ देशों के राजनयिकों से मिले भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन
नई दिल्ली, 24 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने गुरुवार को भाजपा मुख्यालय में आठ देशों के मिशन प्रमुखों और वरिष्ठ राजनयिक प्रतिनिधियों से मुलाकात की। यह संवाद पार्टी की ‘भाजपा को जानो ’ पहल के तहत आयोजित किया गया।
बैठक में आर्मेनिया, मिस्र, वियतनाम, भूटान, सूरीनाम, फिलीपींस, अर्जेंटीना और ताजिकिस्तान के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। नितिन नवीन ने राजनयिकों को भाजपा के संगठनात्मक ढांचे, उसके व्यापक जमीनी नेटवर्क और पार्टी के कार्यकर्ताओं की भूमिका के बारे में जानकारी दी।
भाजपा अध्यक्ष ने 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ का भी उल्लेख किया।
इस मौके पर नितिन नवीन ने कहा कि अभियान के जरिए जन सेवा, जन भागीदारी, अंत्योदय और विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को आगे बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। इसके तहत देशभर में रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य शिविर समेत कई सेवा गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
नवीन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत में हुए बदलावों का जिक्र करते हुए बुनियादी ढांचे, कल्याणकारी योजनाओं, वित्तीय और डिजिटल समावेशन, उद्यमिता तथा सार्वजनिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में हुई प्रगति को रेखांकित किया।
उन्होंने आयुष्मान भारत को स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने वाली महत्वपूर्ण पहल बताया।
उन्होंने कहा कि भारत विभिन्न देशों के साथ अपने संबंधों को पारंपरिक सरकार-से-सरकार संपर्क से आगे बढ़ाते हुए जनता, कारोबारी समुदाय, छात्रों, प्रवासी भारतीयों, सांसदों और राजनीतिक दलों के बीच संपर्क को भी मजबूत करने पर जोर दे रहा है।
बैठक में शामिल राजनयिकों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने पर बधाई दी। उन्होंने ‘भाजपा को जानो ’पहल की सराहना करते हुए इसे भाजपा के संगठन, कार्यप्रणाली और जमीनी स्तर पर जनता से जुड़ाव को समझने का महत्वपूर्ण मंच बताया।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद डॉ. संदीप पाठक, नई दिल्ली से लोकसभा सांसद बांसुरी स्वराज और भाजपा के विदेश मामलों के विभाग के प्रभारी डॉ. विजय चौथाईवाले भी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

