नितिन नवीन ने भाजपा मुख्यालय परिवार के सदस्यों के साथ मनाई दीपावली
नई दिल्ली, 06 नवंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने शुक्रवार को केंद्रीय कार्यालय में कार्यरत सदस्यों के साथ दीपावली मनाई। उन्होंने मुख्यालय में काम करने वाले सभी सदस्यों से आत्मीय मुलाकात की और उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि भाजपा कार्यालय में काम करने वाला प्रत्येक साथी केवल कर्मचारी नहीं, बल्कि भाजपा परिवार का अभिन्न हिस्सा है। सभी सदस्यों के अथक परिश्रम और समर्पण से पार्टी निरंतर आगे बढ़ रही है। पार्टी के लिए संगठन ही परिवार है और सभी इसके सदस्य हैं।
उन्होंने मुख्यालय के सदस्यों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि संगठन के कार्यों में सभी ने निष्ठा और समर्पण के साथ महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। भाजपा अपने मुख्यालय परिवार के प्रत्येक सदस्य के साथ मजबूती से खड़ी है।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि पूरे देश में दीपावली का उत्साह है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सुझाव के अनुरूप उन्हें लगा कि इस अवसर पर सभी का एकसाथ मिलना अच्छा रहेगा। उनकी इच्छा है कि पार्टी का केंद्रीय कार्यालय हमेशा जीवंत और ऊर्जावान बना रहे। यह तभी संभव है जब यहां काम करने वाले सभी सदस्यों के चेहरों पर मुस्कान हो।
नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के विजन के अनुरूप पार्टी का लक्ष्य प्रत्येक कार्यकर्ता के साथ संबंधों को और मजबूत करना है। संगठन को अधिक सुलभ और गतिशील बनाने के लिए पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के बीच नियमित संवाद की नई व्यवस्थाएं शुरू की गई हैं। इससे कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ा है। उन्होंने इन व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने में कार्यालय के सदस्यों के अतिरिक्त परिश्रम और योगदान की भी सराहना की।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

