home page

गांवों में प्रवास कर सरकार के कार्यों को जनता तक पहुंचाएं : नितिन नवीन

 | 
गांवों में प्रवास कर सरकार के कार्यों को जनता तक पहुंचाएं : नितिन नवीन


गांवों में प्रवास कर सरकार के कार्यों को जनता तक पहुंचाएं : नितिन नवीन


लखनऊ, 04 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने उत्तर प्रदेश भाजपा के सभी चुने हुए जनप्रतिनिधियों (सांसदों, विधायकों, पार्षदों, जिला पंचायत सदस्यों) का आह्वान करते हुए कहा कि आप सबको गांवों में प्रवास करना चाहिए एवं हर मतदाता तक नरेन्द्र मोदी सरकार एवं योगी आदित्यनाथ की डबल इंजन सरकार सरकार की योजनाओं एवं पार्टी के कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से पहुंचाना चाहिए। होटल ताज में आयोजित बैठक में उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं हैं, इसलिए वे जनता का ध्यान भटकाने के लिए लगातार नकारात्मक राजनीति कर रहे हैं। हमें इस पर ध्यान न देते हुए डबल इंजन सरकार की विकास योजनाओं को जनता तक पहुंचाना है और उनके जीवन में खुशहाली लानी है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने जनप्रतिनिधियों से कहा कि मैं आप सब से आग्रह करता हूं कि हम सबको अपने-अपने क्षेत्र, अपने जिला और अपने कार्यक्रम से जुड़ते नजर आना है। हमको कोई सम्मान दे, इसके पहले दो कदम सम्मान देने की इच्छा अगर आप बना लेंगे, तो निश्चित सामने वाला सम्मान देने के लिए मजबूर हो जाएगा। आप अगर अपने अध्यक्ष से यह कह सकते हैं कि ‘अध्यक्ष जी, आपकी 16 आदमी की टीम है, 17वां नाम मेरा भी जोड़ लीजिएगा। मुझे जो काम दीजिएगा, मैं अपने गृह जिला में इस प्रकार से कर पाऊंगा।‘ अगर यह भाव आपके अंदर आ गया, जिलाध्यक्ष सबसे अधिक सम्मान आपको देगा। लेकिन अगर आप सोच लीजिएगा कि ‘मैं जिला अध्यक्ष के ऊपर हूं‘, तो उस दिन से आपके लिए समस्या खड़ी होनी शुरू हो जाएगी। इसलिए मैं इन बातों को बहुत ही स्पष्ट कहता हूं कि आप सबको खुद तय करना है कि आपको क्या चाहिए और अगर आप खुद तय कर सकते हैं, तो निश्चित रूप से राजनीति में आपके भविष्य उज्जवल होंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन