home page

एनआईए ने लश्कर-ए-तैयबा के अंतरराज्यीय आतंकी मॉड्यूल से संबंधित मामला अपने हाथों में लिया

 | 

जम्मू, 27 अप्रैल (हि.स.)। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने हाल ही में लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) के एक अंतरराज्यीय आतंकी मॉड्यूल के खुलासे से संबंधित मामले को अपने हाथ में ले लिया है और सोमवार को पूछताछ के लिए दो पाकिस्तानी नागरिकों सहित पांच गिरफ्तार आतंकवादियों को हिरासत में ले लिया है।

जम्मू और कश्मीर पुलिस ने 7 अप्रैल को आतंकवाद विरोधी अभियान में पांच एलईटीटी आतंकवादियों को गिरफ्तार किया था, जिनमें अब्दुल्ला उर्फ अबू हुरैरा भी शामिल है। वह 16 वर्षों से फरार था और केंद्र शासित प्रदेश के बाहर ठिकाने बनाने में कामयाब रहा था। अब्दुल्ला के अलावा एक अन्य पाकिस्तानी आतंकवादी उस्मान उर्फ खुबैब और श्रीनगर के तीन निवासी मोहम्मद नकीब भट, आदिल राशिद और गुलाम मोहम्मद मीर उर्फ मामा को भी इस बड़े अभियान में गिरफ्तार किया गया, जिसमें जम्मू और कश्मीर पुलिस के साथ-साथ केंद्रीय एजेंसियों ने भी भाग लिया था।

जांच में आतंकवादियों को रसद और वित्तीय सहायता प्रदान करने में शामिल एलईटीटी के एक गहरे नेटवर्क का खुलासा हुआ। मामले की आगे की जांच के लिए एजेंसी ने सोमवार को गिरफ्तार आतंकवादियों को जम्मू स्थित विशेष एनआईए अदालत में पेश किया। अधिकारियों ने बताया कि अदालत ने सभी पांचों आरोपी आतंकवादियों को एजेंसी की हिरासत में भेज दिया। दो पाकिस्तानी नागरिकों को दो दिन की रिमांड दी गई, जबकि तीन स्थानीय आतंकवादियों को 15 दिन की हिरासत में भेजा गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता