home page

भारतीय श्रमिकों को थाईलैंड में बंधक बनाए जाने के मामले में मानवाधिकार आयोग का विदेश मंत्रालय को नोटिस

 | 
भारतीय श्रमिकों को थाईलैंड में बंधक बनाए जाने के मामले में मानवाधिकार आयोग का विदेश मंत्रालय को नोटिस


नई दिल्ली, 23 फरवरी (हि.स.)। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने थाईलैंड में काम करने वाले ओडिशा के केंद्रपाड़ा जिले के उन छह पीड़ित श्रमिकों का स्वतः संज्ञान लिया है जिन्होंने एक वीडियो संदेश में बैंकाक स्थित एक कारखाने के नियोक्ता पर पिछले छह महीने से बंधक बनाए जाने का आरोप लगाया है। इस मामले को लेकर आयोग ने विदेश मंत्रालय को नोटिय जारी कर एक सप्ताह के भीतर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है।

आयोग ने सोमवार को बताया कि 19 फरवरी को प्रकाशित मीडिया रिपोर्ट के अनुसार ओडिशा के केंद्रपाड़ा जिले के छह लोग पिछले साल अगस्त में एक श्रम ठेकेदार के माध्यम से थाईलैंड गए थे। उसने उन्हें अच्छी तनख्वाह वाली नौकरी का वादा किया था। बाद में उन्हें प्लाईवुड कारखाने में बिना वेतन और उचित भोजन के प्रतिदिन 12 घंटे काम करने के लिए मजबूर किया गया।

यह घटना 17 फरवरी 2026 को तब सामने आई जब पीड़ितों ने अपनी आपबीती सुनाते हुए एक वीडियो रिकॉर्ड किया। उन्हें पिछले 6 महीने से बैंकॉक स्थित एक इलाके में कारखाने के अंदर कैद करके उनके नियोक्ता की ओर से शारीरिक और मानसिक यातनाएं दी जा रही हैं। उनके नियोक्ता ने उनके पासपोर्ट भी जब्त कर लिए हैं। उन्होंने भारत की सरकारी एजेंसियों से उनकी वापसी में सहायता करने की अपील की है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी