home page

मानवाधिकार आयोग ने अंबाला में दूषित पेयजल से युवती की मौत मामले का लिया स्वतः संज्ञान

 | 
मानवाधिकार आयोग ने अंबाला में दूषित पेयजल से युवती की मौत मामले का लिया स्वतः संज्ञान


नई दिल्ली, 06 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने हरियाणा में अंबाला जिले के शाहजादपुर में दूषित पेयजल के सेवन से पीलिया के कारण एक युवती की मौत के मामले का स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग ने राज्य के मुख्य सचिव को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।

घटना के बारे में प्रकाशित मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, शुरू में युवती का इलाज स्थानीय अस्पताल में पीलिया के लिए किया गया था। उसकी हालत बिगड़ने पर उसे चंडीगढ़ के पीजीआईएमईआर में स्थानांतरित किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। इलाके में कई अन्य बच्चों में भी पीलिया की पुष्टि हुई है। निवासियों का आरोप है कि क्षेत्र में सार्वजनिक नल से आपूर्ति किया जा रहा पेयजल दूषित है।

आयोग ने रिपोर्ट में उपचार करा रहे पीड़ित बच्चों की स्वास्थ्य स्थिति और प्रशासन की ओर से इस समस्या के समाधान के लिए उठाए जा रहे कदमों का विवरण भी शामिल करने का निर्देश दिया है।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी