home page

श्रमिकों की मौत के मामले में हरियाणा सरकार को मानवाधिकार आयोग का नोटिस

 | 
श्रमिकों की मौत के मामले में हरियाणा सरकार को मानवाधिकार आयोग का नोटिस


नई दिल्ली, 13 मार्च (हि.स.)। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने हरियाणा के गुरुग्राम जिले के बिलासपुर क्षेत्र के पास एक निर्माणाधीन स्थल पर दीवार गिरने से सात श्रमिकों की मौत और तीन अन्य के घायल होने की घटना का स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग ने राज्य के मुख्य सचिव और गुरुग्राम के पुलिस आयुक्त को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है।

आयोग ने बताया कि 10 मार्च 2026 को प्रकाशित एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार 9 मार्च को हरियाणा के गुरुग्राम के बिलासपुर क्षेत्र के पास एक निर्माणाधीन स्थल पर दीवार गिरने से कम से कम सात श्रमिकों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। कम से कम 10 और श्रमिकों के मलबे के नीचे फंसे होने की आशंका है। यह घटना उस स्थल पर हुई जहां एक आगामी आवासीय परियोजना के लिए सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण किया जा रहा है।

रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस के साथ-साथ नागरिक सुरक्षा दल, बचावकर्मी, दमकलकर्मी और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल के कर्मियों सहित अन्य एजेंसियां मलबे के नीचे फंसे श्रमिकों की तलाश कर रही थीं। आयोग ने रिपोर्ट में घायल व्यक्तियों के स्वास्थ्य की स्थिति और मृतक आश्रितों एवं घायल व्यक्तियों के परिजनों को दिए गए मुआवजे का भी विवरण मांगा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी