home page

मुंबई में सीजेपी के प्रदर्शन में बच्चों के कथित इस्तेमाल का आरोप, एनएचआरसी ने पुलिस को एफआईआर दर्ज करने के दिए निर्देश

 | 
मुंबई में सीजेपी के प्रदर्शन में बच्चों के कथित इस्तेमाल का आरोप, एनएचआरसी ने पुलिस को एफआईआर दर्ज करने के दिए निर्देश


नई दिल्ली, 03 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने मुंबई में दो अक्टूबर को शिवाजी पार्क में 'कॉकरोच जनता पार्टी' (सीजेपी) के विरोध प्रदर्शन के दौरान नाबालिग बच्चों के कथित इस्तेमाल पर सख्त संज्ञान लिया है। आयोग ने इस मामले में महाराष्ट्र सरकार और अन्य संबंधित विभागों को नोटिस जारी कर एक सप्ताह के भीतर एक्शन टेकन रिपोर्ट मांगी है।

शनिवार को राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के सदस्य प्रियंक कानूनगो ने हिन्दुस्थान समाचार को बताया कि आयोग को मुंबई में एक कथित अवैध प्रदर्शन के दौरान बच्चों को आगे कर पुलिस या प्रशासनिक कार्रवाई से बचने की साजिश से जुड़ी शिकायत मिली है।

कानूनगो के अनुसार, शिकायत में अभिजीत दिपके, सौरव दास और अजिंक्य शिंदे के खिलाफ आरोप लगाए गए हैं।

उन्होंने बताया कि आयोग ने शिकायत की जांच के बाद कहा कि शिकायतकर्ता की ओर से वॉट्स एप ग्रुप में कथित साजिश से जुड़े पर्याप्त साक्ष्य प्रस्तुत किए गए हैं।

आयोग के सदस्य ने कहा कि बच्चों को किसी भी अवैध गतिविधि में इस्तेमाल करना कानून के तहत गंभीर मामला है। उन्होंने किशोर न्याय अधिनियम की संबंधित धाराओं का हवाला देते हुए मुंबई पुलिस आयुक्त को उचित धाराओं में मामला दर्ज कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

इसके अलावा, आयोग ने आईटी मंत्रालय, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ और महाराष्ट्र के महिला एवं बाल विकास विभाग को बच्चों की सुरक्षा और संरक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी