एनजीटी का अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन 19-20 सितंबर को, प्रधानमंत्री करेंगे उद्घाटन
नई दिल्ली, 10 सितंबर (हि.स.)। पर्यावरण और हरित न्याय से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन करने जा रहा है। यह सम्मेलन 19 एवं 20 सितंबर को विज्ञान भवन में आयोजित होगा। सम्मेलन का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे।
एनजीटी के मुताबिक आयोजन में पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन, सतत विकास और पर्यावरणीय न्याय से जुड़े विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों एवं न्यायिक क्षेत्र के प्रमुख लोगों के बीच विचार-विमर्श किया जाएगा। सम्मेलन का उद्देश्य पर्यावरण से जुड़े मामलों में न्यायिक दृष्टिकोण, वैश्विक अनुभवों और प्रभावी उपायों को साझा करने के लिए एक साझा मंच उपलब्ध कराना है। इस सम्मेलन में 15 देशों के उच्चतम न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश भाग लेंगे। इन देशों में ब्रिटेन, थाईलैंड, रुस, पोलैंड, माल्दीव, बांगलादेश, ऑस्ट्रेलिया शामिल हैं।
एनजीटी के मुताबिक 19 सितंबर को होने वाले उद्घाटन समारोह में मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत, केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव, एनजीटी के अध्यक्ष न्यायमूर्ति प्रकाश श्रीवास्तव मौजूद रहेंगे। सम्मेलन के पहले दिन दो तकनीकी सम्मेलन का आयोजन होगा। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पर्यावरणीय कानून और न्याय व्यवस्था में हो रहे बदलावों पर भी चर्चा की जा सकती है।
सम्मेलन के दूसरे दिन भी दो तकनीकी सत्र का आयोजन होगा। समापन सत्र में राष्ट्रपति मुर्मु मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

