मणिपुर में नेपाली दंपति पर गोलीबारी, 15 कुकी परिवारों के घर जलाए गए
इंफाल, 19 अक्टूबर (हि.स.)। मणिपुर के कामजोंग जिले में रविवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-202 पर अज्ञात हथियारबंद हमलावरों ने एक नेपाली दंपति को निशाना बनाकर गोलीबारी की, जिसमें दोनों घायल हो गए। इस घटना से एक दिन पूर्व चस्साद गांव में संदिग्ध उग्रवादियों के हमले में एक कुकी नागरिक की मौत हो गई थी, जबकि चार अन्य घायल हुए थे। इसके अलावा, गांव में कुकी समुदाय के कम से कम 15 घरों को आग के हवाले कर दिया गया।
पुलिस ने साेमवार काे बताया कि घायल दंपति की पहचान कांगपोकपी जिले के चरहाजारे निवासी संदीप दहाल (35) और उनकी पत्नी बेपनाह दहाल (29) के रूप में हुई है। दोनों मारुति सुजुकी बलेनो कार से यात्रा कर रहे थे। इसी दौरान रविवार सुबह करीब 11.45 बजे महादेव और गुवालताबी गांवों के बीच इम्फाल-नगालैंड मार्ग पर हमलावरों ने उन पर गोलियां चलाईं।
घायल दंपति को नजदीकी सेना अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। दोनों के घुटनों के नीचे गोली लगी थी, लेकिन उनकी चोटें मामूली बताई गई हैं।
इससे पहले शनिवार दोपहर चस्साद गांव में संदिग्ध उग्रवादियों के हमले में कुकी नागरिक सेइखोहाओ हाओकिप की मौत हो गई थी। हमले में गांव के नेताओं सहित चार अन्य लोग घायल हुए थे। शनिवार देर रात अलग-अलग घटनाक्रम में गांव में कुकी समुदाय के करीब 15 घर जला दिए गए। इसके बाद कई परिवार अपने घर छोड़कर आसपास के जंगलों और सेना के शिविर में शरण लेने को मजबूर हुए।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए असम राइफल्स, सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) और कामजोंग पुलिस की संयुक्त टुकड़ी को प्रभावित क्षेत्र में तैनात किया गया है।
मणिपुर की उपमुख्यमंत्री नेमचा किपगेन ने हिंसा की निंदा करते हुए हाओकिप की मौत पर दुख जताया और घायल गांव के नेताओं तथा विस्थापित परिवारों के प्रति चिंता व्यक्त की। उन्होंने घरों को जलाने की घटना को असहनीय अपराध बताते हुए कहा कि उन्होंने जिला प्रशासन, राज्य पुलिस और सुरक्षा बलों को चौबीसों घंटे सतर्क रहने, नागरिकों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा दोषियों को न्याय के कटघरे में लाने का निर्देश दिया है।
इस बीच, मणिपुर सरकार ने रविवार को कामजोंग के पुलिस अधीक्षक थोलू रॉकी का तबादला मणिपुर पुलिस प्रशिक्षण केंद्र (एमपीटीसी) में सहायक निदेशक के पद पर कर दिया। इम्फाल पश्चिम में कानून-व्यवस्था के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के रूप में तैनात आईपीएस अधिकारी जय बरांगे को तत्काल प्रभाव से कामजोंग का नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

