राजनाथ ने नेपाली दूतावास पहुंचकर बाढ़ से हुई जनधन की हानि पर दुख जताया
नई दिल्ली, 31 अगस्त (हि.स.)। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने नेपाली दूतावास पहुंचकर नेपाल में हाल ही में आई विनाशकारी बाढ़ से हुई जन-धन की हानि पर गहरा दुख व्यक्त किया।
दूतावास में रखी शोक पुस्तिका में हस्ताक्षर करते हुए रक्षा मंत्री सिंह ने भारत सरकार और भारतीय जनता की ओर से नेपाल सरकार तथा समस्त नेपाली जनता के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त की। बाढ़ में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्होंने कहा कि इस अप्रत्याशित प्राकृतिक आपदा ने नेपाली नागरिकों के साथ-साथ भारतीय और अन्य विदेशी नागरिकों को भी प्रभावित किया है।
अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर उन्होंने लिखा, “इस आपदा में जान गंवाने वालों के परिवारों के लिए हमारी प्रार्थनाएं और संवेदनाएं हैं। साथ ही हम घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं।”
नेपाल और भारत के बीच गहरे संबंधों का उल्लेख करते हुए रक्षा मंत्री सिंह ने कहा कि भारत हमेशा नेपाल के ‘सुख-दुख का साथी’ रहा है। उन्होंने कहा, “एक करीबी मित्र और साझेदार के रूप में भारत हमेशा नेपाल के साथ खड़ा रहा है। इस कठिन घड़ी में भी हम अपने नेपाली भाई-बहनों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं और नेपाल के खोज, बचाव तथा पुनर्वास के प्रयासों में सहयोग करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।”
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

