home page

(अपडेट) प्रिंस यादव मौत मामले में नेपाल पुलिस ने पांच साथियों को हिरासत में लिया

 | 
(अपडेट) प्रिंस यादव मौत मामले में नेपाल पुलिस ने पांच साथियों को हिरासत में लिया


अररिया/विराटनगर, 14 जून (हि.स.)। पटना के चर्चित ज्ञान बिंदु कोचिंग संस्थान के निदेशक रोशन आनंद के छोटे भाई प्रिंस कुमार यादव की नेपाल के विराटनगर स्थित एक होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने बिहार और नेपाल दोनों जगह सनसनी फैला दी है। घटना के बाद नेपाल की मोरंग जिला पुलिस ने जांच तेज कर दी है और प्रिंस के साथ होटल में ठहरे पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

नेपाल पुलिस के अनुसार, 24 वर्षीय प्रिंस कुमार यादव विराटनगर स्थित ट्रैफिक चौक के समीप शुभ होटल में अपने पांच साथियों के साथ ठहरे हुए थे। शनिवार देर रात उनकी अचानक तबीयत बिगड़ गई और वह होटल में ही गिर पड़े। स्थिति गंभीर होने पर होटल प्रबंधन और उनके साथ मौजूद लोगों ने उन्हें तत्काल विराटनगर न्यूरो हॉस्पिटल पहुंचाया। हालांकि अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार अस्पताल लाए जाने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी।

प्रिंस यादव की अचानक हुई मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। नेपाल पुलिस ने प्रारंभिक जांच में मामले को संदिग्ध मानते हुए व्यापक जांच शुरू कर दी है। मोरंग जिला पुलिस के अधिकारियों के अनुसार फिलहाल किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है। पुलिस होटल के कर्मचारियों, वहां मौजूद लोगों और प्रिंस के साथ ठहरे साथियों से पूछताछ कर रही है।

नेपाल पुलिस ने होटल में मौजूद पांच अन्य लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि घटना से पहले क्या हुआ था, प्रिंस की तबीयत अचानक क्यों बिगड़ी और उनकी मौत के पीछे कोई अन्य कारण तो नहीं है।

अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मौत प्राकृतिक कारणों से हुई, किसी स्वास्थ्य संबंधी समस्या के कारण हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी।

उल्लेखनीय है कि प्रिंस यादव का नाम हाल ही में पटना में चर्चित हुए कोचिंग संस्थानों के विवाद से जुड़े एक मामले में सामने आया था। खान सर की कोचिंग पर हुए हमले के मामले में दर्ज प्राथमिकी में उनका नाम भी शामिल बताया जा रहा है। इसी मामले में ज्ञान बिंदु कोचिंग के निदेशक रोशन आनंद पहले से कानूनी कार्रवाई का सामना कर रहे हैं।

बताया जा रहा है कि प्रिंस यादव अपने एक साथी के साथ नेपाल में ठहरे हुए थे। हालांकि नेपाल जाने के कारणों और उनकी गतिविधियों को लेकर आधिकारिक स्तर पर कोई पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है।

प्रिंस यादव की मौत के बाद बिहार में राजनीतिक प्रतिक्रिया भी सामने आने लगी है। पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव ने इस घटना को हत्या करार देते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा कि ज्ञान बिंदु के निदेशक रोशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की नेपाल के विराटनगर में हत्या अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक है। उन्होंने बिहार सरकार से नेपाल प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।

पप्पू यादव ने कहा कि मामले में शामिल दोषियों के खिलाफ अविलंब कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने यह भी लिखा कि एक भाई पहले से जेल में है और अब दूसरे भाई की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए न्याय की मांग दोहराई।

घटना के बाद बिहार और नेपाल दोनों जगह इस मामले को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। परिजन, शुभचिंतक और आम लोग मौत के वास्तविक कारणों को जानने के लिए जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं।

नेपाल पुलिस का कहना है कि मामले की जांच पूरी गंभीरता के साथ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मौत के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक निष्कर्ष सामने नहीं आया है।------------

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर