home page

नीट-यूजी पेपर लीक मामले में पांच आरोपित गिरफ्तार

 | 
नीट-यूजी पेपर लीक मामले में पांच आरोपित गिरफ्तार


नई दिल्ली, 13 मई (हि.स.)। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने नीट-यूजी 2026 परीक्षा में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक मामले में पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। एजेंसी ने देशभर में कई स्थानों पर छापेमारी भी की है।

सीबीआई ने बुधवार को बताया कि मामला 12 मई को शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग से मिली लिखित शिकायत के आधार पर दर्ज किया गया था। प्राथमिकी में आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात और भारतीय न्याय संहिता, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम तथा सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम-2024 की विभिन्न धाराएं लगाई गई हैं।

एजेंसी के अनुसार, अब तक पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें जयपुर से मंगीलाल बीवाल, विकास बीवाल और दिनेश बीवाल, गुरुग्राम से यश यादव तथा नासिक से शुभम खैरनार शामिल हैं। मामले में कई अन्य संदिग्धों से भी पूछताछ की जा रही है।

सीबीआई ने बताया कि देशभर में कई स्थानों पर तलाशी अभियान जारी है। इस अभियान के दौरान मोबाइल फोन सहित कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई है। एजेंसी मामले की जांच में राजस्थान पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप के साथ भी समन्वय कर रही है, जिसने प्रारंभिक जांच की थी।

सीबीआई ने कहा कि कथित पेपर लीक से जुड़े सभी पहलुओं की तकनीकी और फोरेंसिक विश्लेषण के जरिए गहन जांच की जा रही है तथा मामले में निष्पक्ष जांच जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर