home page

नितिन नवीन ने कमलपुर में एनडीए उम्मीदवार दिगंत कलिता के समर्थन में किया चुनाव प्रचार

 | 
नितिन नवीन ने कमलपुर में एनडीए उम्मीदवार दिगंत कलिता के समर्थन में किया चुनाव प्रचार


कामरूप (असम), 03 अप्रैल (हि.स.)। एनडीए के कमलपुर विधानसभा क्षेत्र के उम्मीदवार दिगंत कलिता के समर्थन में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने शुक्रवार को चुनाव प्रचार किया और केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों को गिनाया।

एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार पिछले दस वर्षों से विकास और जनकल्याण के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि चाय बागान के श्रमिकों को 500 रुपये तक मजदूरी दी जाएगी, जिससे उनके जीवन स्तर में सुधार होगा।

पूर्व नेतृत्व पर निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि 1962 के दौरान जवाहरलाल नेहरू की सरकार ने पूर्वोत्तर क्षेत्र की अनदेखी की थी। उन्होंने कहा कि सही नेतृत्व के निर्णय से ही देश प्रगति की दिशा में आगे बढ़ता है।

नवीन ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने एक कार्यक्रम के दौरान असम के पारंपरिक गमछा का अपमान किया था। उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा के नेतृत्व वाली असम सरकार ने 22 लाख गरीबों को मुफ्त आवास उपलब्ध कराया है।

भाजपा नेता ने दावा किया कि आगामी भाजपा-नेतृत्व वाली सरकार चुनाव के तुरंत बाद समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करेगी। साथ ही उन्होंने कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए विकास और सुशासन में विफल रहने का आरोप लगाया।

उन्होंने गुवाहाटी में पूब गुवाहाटी के भाजपा उम्मीदवार दिप्लू रंजन शर्मा के समर्थन में भी चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा को जिताने का आह्वान किया।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश